सोजत में युवती का अपहरण, रुमाल सुंघाकर कार में डाल ले गए बदमाश

Feb 23, 2026 - 14:38
 0  825
सोजत में  युवती का अपहरण, रुमाल सुंघाकर कार में डाल ले गए बदमाश

सोजत। शहर में सोमवार को  एक युवती के अपहरण की सनसनीखेज घटना सामने आई है। युवती अपनी छोटी बहन को स्कूल के पास संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में छोड़ने आई थी। इसी दौरान आंगनबाड़ी के सामने कार में सवार बदमाशों ने उसे जबरन उठा लिया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार में आए बदमाशों ने युवती को रुमाल से कुछ सुंघाकर बेहोश कर दिया और फिर उसे जबरन कार में डालकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि बदमाश युवती को नदी की ओर ले गए। घटना के समय स्कूल में पढ़ रहे बच्चों ने पूरी वारदात देखी और तुरंत शिक्षकों को सूचना दी। इसके बाद स्कूल प्रशासन ने पुलिस को अवगत कराया।

घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्रित हो गए। शुरुआत में बच्चा चोरी की अफवाह फैलने से कई अभिभावक घबराकर स्कूल पहुंच गए और अपने बच्चों की कुशलक्षेम जानने लगे। हालांकि स्कूल प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि कोई भी बच्चा लापता नहीं है।

सूचना पर सोजत सीओ रतनाराम देवासी और थाने के उपनिरीक्षक गोपालसिंह राठौड़ जाप्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच में युवती के अपहरण की पुष्टि की है। आरोपियों की तलाश में पूरे क्षेत्र में नाकाबंदी कर दी गई है तथा आसपास के मार्गों और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

What's Your Reaction?

Like Like 4
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 2
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat