राष्ट्रीय एकता और श्रद्धा का संगम: बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा से लौटे सोजत के श्रद्धालु, शनिवार को होगा भव्य स्वागत

बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा में सोजत ने रचा इतिहास, उद्घाटन की पहली बस और सुंगल टनल से पहला वाहन बना गौरव का कारण

Aug 21, 2026 - 13:21
Aug 21, 2026 - 16:15
 0  211
राष्ट्रीय एकता और श्रद्धा का संगम: बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा से लौटे सोजत के श्रद्धालु, शनिवार को होगा भव्य स्वागत

सोजत। बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा-2026 सोजत क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए कई यादगार उपलब्धियां लेकर आई। इस वर्ष सोजत से 95 श्रद्धालुओं का जत्था यात्रा में शामिल हुआ, जिसने आस्था के साथ-साथ गौरवपूर्ण इतिहास भी रचा। यात्रा के उद्घाटन अवसर पर रवाना होने वाली पहली बस सोजत के श्रद्धालुओं की रही, वहीं जम्मू-पुंछ राष्ट्रीय राजमार्ग पर नवनिर्मित सुंगल टनल से यात्रा शुरू होने के बाद गुजरने वाला पहला वाहन भी सोजत यात्रियों का रहा।

विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के सहयोग से आयोजित यात्रा में सोजत सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यात्रा के शुभारंभ अवसर पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने विभिन्न जत्थों को रवाना किया।

यात्रा प्रमुख मानवेन्द्र भाटी, विहिप सोजत जिला मंत्री मांगीलाल गहलोत एवं बजरंग दल प्रांत संयोजक विक्रम परिहार ने बताया कि सोजत से 95 श्रद्धालुओं की सहभागिता पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और राष्ट्रभक्ति की भावना को भी सुदृढ़ करती है।

सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम

यात्रा में शामिल रामेश्वर मेवाड़ा एवं सुनील जांगिड़ ने बताया कि जम्मू से पुंछ तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर सेना के जवान तैनात रहे तथा करीब 50 बसों के काफिले को एस्कॉर्ट वाहनों की सुरक्षा प्रदान की गई। सुरक्षा व्यवस्था के बीच श्रद्धालुओं ने स्वयं को पूरी तरह सुरक्षित महसूस किया।

जगह-जगह लगे लंगर

यात्रा मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं भामाशाहों द्वारा श्रद्धालुओं की सेवा के लिए लंगर लगाए गए। यहां भोजन, चाय, पानी सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई गईं। यात्रियों ने सेवा में जुटे स्वयंसेवकों और भामाशाहों का आभार व्यक्त किया।

प्रमुख धार्मिक स्थलों के किए दर्शन

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार 15 अगस्त को जत्था सोजत से रवाना हुआ। 16 अगस्त को जम्मू पहुंचकर श्रद्धालुओं ने आरएस पुरा क्षेत्र में भारत-पाकिस्तान सीमा का अवलोकन किया। 17 अगस्त को जत्था पुंछ के लिए रवाना हुआ तथा 18 अगस्त को बाबा बूढ़ा अमरनाथ धाम के दर्शन किए। इसके बाद 19 अगस्त को शिवखोड़ी और 20 अगस्त को माता वैष्णो देवी के दर्शन कर यात्रा को पूर्ण किया गया।

धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ पहाड़ी क्षेत्रों की प्राकृतिक सुंदरता, उत्कृष्ट सुरक्षा व्यवस्था और मार्ग में मिले सेवा भाव ने श्रद्धालुओं की यात्रा को अविस्मरणीय बना दिया।

आज सोजत पहुंचेगा जत्था

यात्रा पूर्ण होने के बाद 21 अगस्त को सुबह 8:40 बजे श्रद्धालु जम्मू रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा सोजत के लिए रवाना हुए। 22 अगस्त को सुबह जोधपुर पहुंचने के बाद बसों के माध्यम से लगभग 10:30 बजे सोजत पहुंचेंगे, निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार यात्रियों का स्वागत शनिवार को  प्रातः 11 बजे चांदपोल गेट पर होगा । जहां से शोभा यात्रा द्वारा बस स्टैंड स्थित वीर बालाजी मंदिर पहुंचकर यात्रा का समापन होगा

कार्यकर्ताओं का रहा विशेष सहयोग

यात्रा की व्यवस्थाओं में प्रांत मिलन प्रमुख गजेंद्र सांखला ने जम्मू स्थित केंद्रीय कार्यालय में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाई। इसके अलावा जिला सत्संग प्रमुख रतन बंजारा, जिला मातृशक्ति संयोजिका संगीता तंवर, जिला विधि प्रकोष्ठ की शीला शर्मा, जिला विशेष संपर्क प्रमुख लक्ष्मीकांत भाटी, प्रांत विधि प्रकोष्ठ सह प्रमुख नीलम सोनी एवं प्रखंड संयोजक कमलेश पंवार सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष सहयोग रहा। यात्रा में सांडिया के संत अर्जुन दास महाराज का सान्निध्य भी श्रद्धालुओं को प्राप्त हुआ।

अगले वर्ष और अधिक श्रद्धालुओं को जोड़ने का संकल्प

विहिप एवं बजरंग दल सोजत के पदाधिकारियों ने यात्रा में शामिल सभी श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं, भामाशाहों एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आगामी वर्षों में सोजत से और अधिक श्रद्धालुओं को बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

यात्रा में धनाराम परिहार, एडवोकेट रमेश टांक, खेत सिंह राजपुरोहित, फाऊलाल परिहार, मदनलाल जांगिड़, धनपत राज जांगिड़, किशनलाल परिहार, कन्हैयालाल जांगिड़, कैलाश बोराणा, श्याम टांक, श्याम तंवर, संदीप परिहार, कन्हैयालाल गहलोत, रमेश सांखला, राजा राम पालरिया, सजन देवी सोनी, मंजू ओस्तवाल, संतोष परिहार, गुड्डी सांखला, कमला परिहार, शोभा सांखला, इंदिरा पालरिया, इंदिरा गहलोत सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 1
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat