95 से अधिक श्रद्धालुओं का जत्था सोजत से बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर रवाना, श्रद्धा और उत्साह का दिखा संगम

बाबा बूढ़ा अमरनाथ, शिवखोड़ी व वैष्णो देवी दर्शन हेतु सोजत से रवाना हुआ विशाल श्रद्धालु जत्था

Aug 15, 2026 - 15:23
 0  145
95 से अधिक श्रद्धालुओं का जत्था सोजत से बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा पर रवाना, श्रद्धा और उत्साह का दिखा संगम

सोजत। विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के तत्वावधान में आयोजित होने वाली पारंपरिक बाबा बूढ़ा अमरनाथ यात्रा के लिए सोजत क्षेत्र से 95 से अधिक श्रद्धालुओं का जत्था 15 अगस्त को रवाना हुआ। यात्रा को लेकर क्षेत्रभर में श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। महिला, पुरुष, युवा एवं परिवारों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु इस धार्मिक यात्रा में शामिल हुए।

जिला यात्रा प्रमुख मानवेन्द्र भाटी ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में स्थित पवित्र बाबा बूढ़ा अमरनाथ धाम धार्मिक आस्था के साथ-साथ राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है। प्रतिवर्ष देशभर से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचकर बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन करते हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार बाबा बूढ़ा अमरनाथ के दर्शन किए बिना अमरनाथ यात्रा पूर्ण नहीं मानी जाती।

उन्होंने बताया कि आतंकवाद के दौर में यह यात्रा कुछ वर्षों तक प्रभावित रही थी, लेकिन वर्ष 2005 में बजरंग दल के प्रयासों से इसे पुनः प्रारंभ किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं के सहयोग से यात्रा का नियमित संचालन शुरू हुआ और हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें भाग ले रहे हैं।

यात्रा से पूर्व आयोजित बैठक में सभी यात्रियों को अनुशासन, सुरक्षा, स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों तथा यात्रा के नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। आयोजकों ने बताया कि यात्रा का उद्देश्य केवल धार्मिक दर्शन तक सीमित नहीं है, बल्कि राष्ट्रभक्ति, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्रीय एकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाना भी है।

ऐसा रहेगा यात्रा का कार्यक्रम

यात्रा कार्यक्रम के अनुसार श्रद्धालुओं का जत्था 15 अगस्त को प्रातः 4 बजे उपखंड कार्यालय, सोजत के बाहर से बस द्वारा जोधपुर रेलवे स्टेशन के लिए रवाना हुआ। वहां से सुबह 7 बजे ट्रेन द्वारा प्रस्थान कर 16 अगस्त को जम्मू पहुंचेगा।

17 अगस्त को श्रद्धालु बस द्वारा विभिन्न धार्मिक स्थलों के दर्शन करते हुए पुंछ पहुंचेंगे। 18 अगस्त को पवित्र बाबा बूढ़ा अमरनाथ धाम में दर्शन करेंगे। इसके बाद सुंदरबनी पहुंचेंगे। 19 अगस्त को शिवखोड़ी के दर्शन कर कटरा पहुंचेंगे तथा 20 अगस्त को माता वैष्णो देवी के दर्शन के साथ यात्रा का प्रमुख धार्मिक कार्यक्रम पूर्ण होगा।

इसके बाद 21 अगस्त को सुबह 8:40 बजे जम्मू रेलवे स्टेशन से ट्रेन द्वारा वापसी होगी। 22 अगस्त को सुबह 9:30 बजे जोधपुर पहुंचने के बाद बस से श्रद्धालु 11:30 बजे सोजत पहुंचेंगे, जहां यात्रा का समापन होगा।

आयोजकों के अनुसार हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं एवं परिवार इस पावन यात्रा में शामिल होकर बाबा बूढ़ा अमरनाथ, शिवखोड़ी एवं माता वैष्णो देवी के दर्शन करेंगे तथा राष्ट्र सेवा, सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का संदेश लेकर लौटेंगे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat