सोजत में भारत विकास परिषद का भव्य आयोजन, 13 सदस्यों ने राष्ट्रीय कोष हेतु किया सहयोग का संकल्प

भारत विकास परिषद सोजत शाखा का दायित्व ग्रहण समारोह संपन्न, नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान

Jun 13, 2026 - 13:05
Jun 13, 2026 - 13:10
 0  227
सोजत में भारत विकास परिषद का भव्य आयोजन, 13 सदस्यों ने राष्ट्रीय कोष हेतु किया सहयोग का संकल्प

सोजत सिटी। भारत विकास परिषद सोजत शाखा की वर्ष 2026-27 की नवीन कार्यकारिणी का दायित्व ग्रहण समारोह पारस रिसॉर्ट में गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष देवीलाल सांखला ने की, जबकि क्षेत्रीय संगठन सचिव जगदीश प्रसाद शर्मा मुख्य अतिथि रहे। प्रांतीय महासचिव डॉ. दिनेश कुमार पेड़ीवाल, प्रांतीय संगठन सचिव शैलेश माहेश्वरी एवं शाखा संरक्षक अनोपसिंह लखावत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं स्वामी विवेकानंद के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन तथा वंदे मातरम् गान के साथ हुआ। स्वागत भाषण देते हुए शाखाध्यक्ष देवीलाल सांखला ने परिषद की गतिविधियों एवं आगामी योजनाओं पर प्रकाश डाला। शाखा सचिव पारसमल सिंघाड़िया ने परिषद की भावी कार्ययोजना प्रस्तुत की, वहीं कोषाध्यक्ष अंकुर बलाई ने गत वर्ष का आय-व्यय विवरण प्रस्तुत किया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।

जिला संयोजक जगदीश झंवर ने सदस्यता विस्तार अभियान पर विचार रखे। प्रांतीय संयोजक संस्कार रामकिशोर राठौड़ ने सेवा एवं संस्कार विषय पर मार्गदर्शन दिया, जबकि प्रांतीय मीडिया संयोजक रामस्वरूप भटनागर ने संपर्क, महिला सहभागिता एवं पर्यावरण संरक्षण को परिषद की प्रमुख प्राथमिकताएं बताया।

प्रांतीय महासचिव डॉ. दिनेश कुमार पेड़ीवाल ने नवनिर्वाचित कार्यकारिणी सदस्यों को दायित्व ग्रहण की शपथ दिलाई तथा प्रांतीय संगठन सचिव शैलेश माहेश्वरी ने विभिन्न प्रकल्प प्रभारियों को शपथ दिलाई। इस अवसर पर परिषद परिवार में कई नए सदस्यों को भी सदस्यता ग्रहण करवाई गई।

मुख्य अतिथि जगदीश प्रसाद शर्मा ने परिषद के लक्ष्य, उद्देश्य एवं दर्शन पर प्रकाश डालते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 में बने विकास मित्र करणसिंह मोयल एवं अनिता श्रीवास्तव को केंद्रीय कार्यालय से प्राप्त स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

विशेष बात यह रही कि परिषद के राष्ट्रीय कोष में 11 हजार रुपये एकमुश्त जमा कराने हेतु 13 सदस्यों ने घोषणा की। वहीं शाखा संरक्षक अनोपसिंह लखावत ने निकट भविष्य में 75 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ सेवाभावी नागरिकों के भव्य सम्मान समारोह के आयोजन की घोषणा करते हुए उसका संपूर्ण व्यय स्वयं वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्रांतीय मीडिया संयोजक रामस्वरूप भटनागर ने किया। अंत में अनोपसिंह लखावत ने सभी अतिथियों, सदस्यों एवं नवसदस्यों का आभार व्यक्त किया। राष्ट्रगान एवं स्वरुचि भोज के साथ समारोह का समापन हुआ।

कार्यक्रम में परिषद के संस्थापक अध्यक्ष डॉ. अरुण गोयल, पूर्व सचिव रामकिशोर राठौड़, कोषाध्यक्ष सीए दिनेश गर्ग, नाहरसिंह राठौड़ सहित 55 युगल सदस्य एवं शहर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat