दिव्यांग माता-पिता का सपना किया साकार, धीनावास के यशपाल गिरी ने NEET 2026 में हासिल की AIR 6009
संघर्ष पर मेहनत की जीत: दिव्यांग माता-पिता के बेटे यशपाल गिरी ने NEET 2026 में क्षेत्र का बढ़ाया गौरव
सोजत। प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर हर चुनौती को पार किया जा सकता है। इस बात को धीनावास निवासी यशपाल गिरी ने साबित कर दिखाया है। यशपाल ने NEET 2026 परीक्षा में देशभर में 6009वीं रैंक प्राप्त कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
यशपाल की सफलता इसलिए भी विशेष है क्योंकि उनके माता-पिता दोनों दिव्यांग हैं। उनके पिता भगवान गिरी सरकारी विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों और चुनौतियों के बावजूद यशपाल ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।
यशपाल ने अपनी प्रारंभिक से लेकर उच्च माध्यमिक शिक्षा तक की पढ़ाई सरकारी विद्यालयों में की। उन्होंने राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, धीनावास से 10वीं कक्षा में 98 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सोजत नगर से 12वीं कक्षा 94 प्रतिशत अंकों के साथ उत्तीर्ण की।
यशपाल का कहना है कि इस सफलता के पीछे उनके दादा-दादी, गुरुजनों का मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद तथा बाबा रामदेव जी की दिव्य कृपा का विशेष योगदान है। उनके परिवार में खुशी का माहौल है और क्षेत्रवासियों ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।
यशपाल के छोटे भाई प्रशांत गिरी भी बड़े भाई से प्रेरणा लेकर NEET की तैयारी में जुटे हुए हैं। यशपाल की सफलता आज उन सभी विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बन गई है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को साकार करने का संकल्प रखते हैं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0