समय पर पहचान और जांच से ही संभव है टीबी पर विजय : डॉ. चेनाराम चौधरी

दो सप्ताह से अधिक खांसी हो तो तुरंत कराएं जांच, टीबी का इलाज है निशुल्क

Jun 14, 2026 - 09:25
 0  66
समय पर पहचान और जांच से ही संभव है टीबी पर विजय : डॉ. चेनाराम चौधरी

सोजत। टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत राजकीय चिकित्सालय सोजत में टीबी उन्मूलन को लेकर जागरूकता एवं समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस अवसर पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. चेनाराम चौधरी ने कहा कि टीबी जैसी गंभीर बीमारी पर प्रभावी नियंत्रण के लिए संभावित मरीजों की समय पर पहचान और जांच अत्यंत आवश्यक है। समय रहते रोग का पता चलने पर उपचार सफलतापूर्वक किया जा सकता है और टीबी पर जीत हासिल की जा सकती है।

डॉ. चौधरी ने बताया कि ओपीडी में आने वाले उच्च रक्तचाप, मधुमेह, अस्थमा से पीड़ित मरीजों, तंबाकू सेवन करने वाले व्यक्तियों, टीबी मरीजों के संपर्क में रहने वालों, 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों तथा माइनिंग वर्करों का प्राथमिकता से चेस्ट एक्स-रे कराया जाना चाहिए। एक्स-रे में संदिग्ध लक्षण मिलने पर सीबी-नाट जांच करवाकर समय पर उपचार सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने टीबी उन्मूलन अभियान को गति देने के लिए अधिक से अधिक निक्षय मित्र बनाने, सभी मरीजों की फेस आधारित आभा आईडी तैयार करने, एक्स-रे रिपोर्ट को निक्षय पोर्टल पर अपडेट करने तथा एचआईवी एवं शुगर जांच रिपोर्ट ऑनलाइन दर्ज करने पर भी जोर दिया।

डॉ. चौधरी ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, वजन में कमी, भूख न लगना या शाम के समय बुखार जैसी शिकायत हो तो उसे तुरंत चिकित्सकीय परामर्श लेकर जांच करवानी चाहिए। उन्होंने बताया कि भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय के तहत टीबी की जांच एवं उपचार के लिए आवश्यक दवाइयां निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं, जिससे बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान कर समय पर इलाज संभव हो सके।

उन्होंने आमजन से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें तथा नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र या योग्य चिकित्सक से संपर्क कर जांच करवाएं, ताकि टीबी मुक्त भारत अभियान को सफल बनाया जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat