महिला सुरक्षा संकल्प अभियान की समीक्षा को पाली पहुंचीं आईजी लवली कटियार, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
महिला सुरक्षा को जनआंदोलन बनाने का आह्वान, पाली में आईजी लवली कटियार ने अभियान गतिविधियों का लिया जायजा
पाली। महिला सुरक्षा संकल्प अभियान को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) लवली कटियार पाली पहुंचीं, जहां उन्होंने अभियान की प्रगति एवं विभिन्न गतिविधियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान आईजी कटियार ने महिला सुरक्षा जागरूकता प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा अभियान के माध्यम से आमजन को दिए जा रहे सुरक्षा संदेशों की जानकारी ली। उन्होंने स्कूली छात्राओं के साथ महिला सुरक्षा शपथ ग्रहण कार्यक्रम में भाग लेकर महिलाओं एवं बालिकाओं को अपने अधिकारों और सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
आईजी लवली कटियार वाहन एवं पैदल जागरूकता रैली में भी शामिल हुईं। रैली के माध्यम से महिला सुरक्षा, सम्मान एवं जागरूकता का संदेश आमजन तक पहुंचाया गया। उन्होंने नागरिकों से महिला सुरक्षा संकल्प अभियान को जनआंदोलन बनाने और समाज में सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) मोनिका सेन ने बताया कि पाली पुलिस द्वारा जिलेभर में लगातार महिला सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं में सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने के साथ-साथ उन्हें विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी भी दी जा रही है।
अभियान के अंतर्गत विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित कर महिला सुरक्षा के प्रति व्यापक जनजागरण का कार्य किया जा रहा है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0