सोजत मेहंदी को ‘राज गिफ्ट’ योजना से जोड़ा, सोजत के विकास कार्यों को मिली रफ्तार
सोजत। प्रदेश के बजट में सोजत विधायक श्रीमती शोभा चौहान के अथक प्रयासों से मेहंदी को ‘मिशन राज गिफ्ट’ योजना से जोड़ा गया है। इससे सोजत की विश्वविख्यात मेहंदी को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर और अधिक सुविधाजनक पहचान व प्रोत्साहन मिलने का मार्ग प्रशस्त हुआ है।
वित्त मंत्री दिया कुमारी ने अपने 2 घंटे 10 मिनट के बजट भाषण में सोजत क्षेत्र के विकास से जुड़े अनेक प्रस्तावों को शामिल किया। इनमें सड़क, शिक्षा, चिकित्सा एवं मेहंदी उद्योग से संबंधित सुविधाएं प्रमुख हैं। साथ ही सोजत रोड नगर पालिका भवन निर्माण, सांडिया तालाब के सौंदर्यीकरण, मरम्मत एवं जीर्णोद्धार को भी स्वीकृति मिली है।
सड़क विकास के तहत जाड़न से सुरायता (4 किमी), चण्डावल स्टेशन से देवली हुल्ला वाया लाडपुरा गुडाबीजा, रायराकला, रायरा खुर्द, खोडिया (22 किमी), रेपड़ा वास से रामासनी सांदवान (8 किमी) सड़क निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं। इसके अलावा कई क्षतिग्रस्त व मिसिंग लिंक सड़कों का निर्माण तथा मानसून उपरांत सड़क मरम्मत के लिए भी राशि का प्रावधान किया गया है।
रेल मगरा से मकड़वाली दीपावास रायपुर सड़क पर एलसी-9सी (सरदार समंद–मारवाड़ जंक्शन एसएच-61) रेलवे क्रॉसिंग पर डीपीआर कार्य कराया जाएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैमरे लगाए जाएंगे। क्षेत्र में 3 ट्यूबवेल व 4 हैंडपंप स्वीकृत किए गए हैं।
स्वास्थ्य सेवाओं में जिला चिकित्सालय में नशामुक्ति वार्ड की स्थापना तथा बालिका विद्यालयों में स्वास्थ्य एवं हाइजीन संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जीर्ण-शीर्ण विद्यालयों की मरम्मत, नए कक्षा-कक्ष, प्रयोगशाला कक्ष एवं कंप्यूटर लैब निर्माण भी बजट में शामिल हैं।
इन विकास प्रस्तावों को बजट में शामिल किए जाने पर चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन के अध्यक्ष अनोपसिंह लखावत, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल, पुष्पत राज मुणोत, भारत विकास परिषद अध्यक्ष देवीलाल सांखला, अभिनव कला मंच सचिव चेतन व्यास, सामाजिक कल्याण संस्था के रामस्वरूप भटनागर एवं ताराचंद सैनी ने वित्त मंत्री दिया कुमारी व विधायक श्रीमती शोभा चौहान का आभार व्यक्त किया है।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
1
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0