सोजत न्यायालय में गूंजा योग का संदेश, न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने किया सामूहिक योग

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर सोजत न्यायालय में योग शिविर, स्वस्थ जीवन का लिया संकल्प

Jun 21, 2026 - 14:53
 0  85
सोजत न्यायालय में गूंजा योग का संदेश, न्यायिक अधिकारियों व अधिवक्ताओं ने किया सामूहिक योग

सोजत। माननीय राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, पाली के निर्देशानुसार रविवार को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर सोजत न्यायालय परिसर में योग अभ्यास शिविर का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में श्रीमती कमला बान्याल, अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सोजत तथा सुश्री ऋचा जाटव, न्यायिक मजिस्ट्रेट सोजत का सानिध्य रहा। योग प्रशिक्षक एडवोकेट सुश्री शीला शर्मा ने आयुष मंत्रालय द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार योग एवं प्राणायाम का अभ्यास एवं प्रशिक्षण कराया।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट श्रीमती कमला बान्याल ने उपस्थित जनों को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया। उन्होंने कहा कि 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम "सम्पूर्ण स्वास्थ्य व स्वस्थ आयु के लिए योग महत्वपूर्ण है" है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक तनाव को दूर कर व्यक्ति को मानसिक रूप से भी सशक्त बनाता है।

योग शिविर में वज्रासन, भुजंगासन, मकरासन, धनुरासन, उष्ट्रासन, अर्धहलासन, वृक्षासन, त्रिकोणासन, ताड़ासन एवं सेतुबंधासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम, भ्रामरी, कपालभाति तथा शवासन का भी अभ्यास करवाया गया।

शिविर में बार एसोसिएशन अध्यक्ष देवेंद्र कुमार व्यास, पूर्व अध्यक्ष आनंद भाटी, सचिव जितेंद्र परिहार, कोषाध्यक्ष पुनीत दवे, अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी, पूर्व अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी, पवन सेन, रेखा कुम्हार, अभिषेक व्यास, सुरेश सेन, ताज मोहम्मद सहित न्यायालय के कर्मचारीगण एवं पैरा लीगल वॉलंटियर्स सुश्री तमरीन, धर्मेंद्र तथा सावल प्रभात व्यास ने सहभागिता निभाई।

कार्यक्रम का उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देना तथा समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat