सवराड़ में बाबा रामदेवजी का 142वां ऐतिहासिक मेला धूमधाम से सम्पन्न

Aug 23, 2026 - 16:38
 0  23

सोजत रोड। निकटवर्ती सवराड़ गांव में लोक देवता बाबा रामदेवजी का 142वां ऐतिहासिक मेला, भजन संध्या एवं वरघोड़ा श्रद्धा और उत्साह के साथ सम्पन्न हुआ। संत श्री श्री 1008 गेनाराम जी महाराज के जीवित समाधि स्थल पर आयोजित इस धार्मिक आयोजन में स्थानीय ग्रामीणों सहित दूर-दराज से पहुंचे हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

पुजारी माणकलाल प्रजापत ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें ख्यातनाम भजन कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकार दिलशान मनचला ने "बाबा का घोड़लियो" और "दीवाना तेरा आया" जैसे भजनों की प्रस्तुति दी। किशोर पालीवाल ने बाबा रामदेवजी एवं श्याम बाबा के भजनों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर किया। वहीं दिव्या वैष्णव ने सांवरिया सेठ और महादेव के भजनों की प्रस्तुति दी तथा मुकेश नायक ने "गेना बाबा दरबार दिवाला जागा रे" सहित कई भजनों से भक्तिमय माहौल बना दिया।

झांकी कलाकार निखिल कोमल राव ग्रुप द्वारा महादेव, बाबा Ramdev, माताजी, हनुमानजी एवं माता कालका के आकर्षक स्वरूपों की झांकियां प्रस्तुत की गईं। कार्यक्रम का संचालन अनिल मारू मारवाड़ ने किया।

मेले में ब्यावर, अजमेर, बालोतरा, बाड़मेर, पाली, जोधपुर एवं मेवाड़ सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे गांव में बाबा रामदेवजी के जयकारों से भक्तिमय वातावरण बना रहा।

अगले दिन सुबह बाबा रामदेवजी का पारंपरिक मेला भरा गया। गांव के मुख्य मार्गों से अखंड ज्योत एवं ध्वजा यात्रा निकाली गई। बायोसा पुजारी भोलाराम भोपाजी द्वारा अमर ध्वजा चढ़ाई गई। मेले में झूले, रंग-बिरंगे खिलौने, चूड़ियां, सजावटी सामान एवं मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भीड़ उमड़ी रही। श्रद्धालुओं ने मंदिर में नारियल व अगरबत्ती चढ़ाकर सुख-समृद्धि एवं अच्छी बारिश की कामना की।

इस अवसर पर माणकलाल, भानाराम, नारायणलाल तथा प्रशासक ममता महेंद्र कुमार प्रजापत ने संत-महात्माओं, अतिथियों एवं मेहमानों का माला, साफा एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। प्रशासक ममता महेंद्र कुमार ने बताया कि भजन संध्या के दौरान श्री रूप रजत शिव गौशाला, शिवराजपुर-सवराड़ के लिए लगभग ₹75 हजार का सहयोग प्राप्त हुआ।

कार्यक्रम में पुजारी माणकलाल, भानाराम, नारायणलाल, हेमाराम, ममता महेंद्र कुमार प्रजापत, राजकुमार, सुरेश कुमार, भूपेंद्र प्रजापत, हस्तीमल, बस्तीमल, बालाराम प्रजापत, चम्पालाल, मेवीसिंह, प्रेम सरगरा, प्रवीण शर्मा, देवीसिंह, कैलाश, कुलदीप सिंह, मुकेश प्रजापत, महावीर सिंह, चुन्नीलाल, संजय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat