सवराड़ में न्यायालय के आदेश पर कार्रवाई, किसानों को मिला राहत का रास्ता

वर्षों से बंद रास्ता खुला, प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण

Aug 20, 2026 - 18:00
Aug 20, 2026 - 18:00
 0  209

 सोजत रोड के समीप स्थित सवराड़ गांव में प्रशासन ने वर्षों से बंद पड़े रास्ते को खुलवाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। यह कार्रवाई तहसीलदार भगीरथ चौधरी की मौजूदगी में ग्राम पंचायत प्रशासक ममता महेंद्र कुमार एवं सोजत रोड पुलिस जाप्ते के सहयोग से की गई।

जानकारी के अनुसार मांडा रोड से जीतावा होते हुए रिसानिया कांकड़ की ओर जाने वाला पुराना रास्ता लंबे समय से बंद पड़ा था, जिससे किसानों को खेतों तक पहुंचने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। न्यायालय के आदेश की पालना करते हुए प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर रास्ते को अतिक्रमण मुक्त करवाया और आमजन के लिए खोल दिया।

तहसीलदार भगीरथ चौधरी ने बताया कि न्यायालय के निर्देशानुसार वर्षों पुराने बंद रास्ते को पुनः चालू किया गया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अन्य बंद पड़े रास्तों को भी अभियान चलाकर जल्द खुलवाया जाएगा तथा सवराड़ में हो रहे अतिक्रमणों के विरुद्ध भी कार्रवाई जारी रहेगी।

अतिक्रमण हटाने की इस कार्रवाई में ग्राम पंचायत प्रशासक ममता महेंद्र कुमार, भू-अभिलेख निरीक्षक अमरचंद, पटवारी कैलाश मेगवाल, पटवारी हेमंत सिंह, पटवारी अजीत सिंह, सोजत रोड पुलिस के हेड कांस्टेबल सागरराम सहित जितेंद्र कुमार, राजकुमार एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान काश्तकार वोराराम लोहार, पुनाराम जाट, तीजा देवी, संतोष माली, मानाराम माली, बंशीलाल नायक, नेमाराम मेघवाल और सोनाराम नायक सहित ग्रामीणजन भी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat