सोजत में 17 कन्याओं का सामूहिक विवाह सम्पन्न, सेवा व सामाजिक एकजुटता की मिसाल
सोजत। सामाजिक सेवा की प्रेरक पहल करते हुए सर्व हिन्दू समाज विवाह समिति की ओर से शनिवार को आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की 17 कन्याओं का सामूहिक विवाह समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में सेवा, सहयोग और सामाजिक एकजुटता का भाव देखने को मिला।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह बारातों के आगमन के साथ हुई। इसके बाद नवविवाहित जोड़ों की वरमाला सहित सभी वैवाहिक रस्में विधिवत सम्पन्न करवाई गईं। सोजत वाटिका में धार्मिक रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह संस्कार सम्पन्न हुए। समिति पिछले कई वर्षों से जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह करवाकर समाज में सहयोग और समर्पण की परंपरा को आगे बढ़ा रही है।
समारोह संत-महात्माओं के पावन सानिध्य में आयोजित हुआ, जिसमें महामंडलेश्वर श्री चेतनगिरी जी महाराज और डा. श्री ओम जी महाराज सहित अन्य संत एवं साध्वीगण उपस्थित रहे और नवदंपतियों को आशीर्वाद प्रदान किया।
मुख्य अतिथि के रूप में लक्ष्मीनारायण दवे (पूर्व कैबिनेट मंत्री), शोभा चौहान (सोजत विधायक), जुगलकिशोर निकुंम (पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि), कन्हैयालाल ओझा (उपप्रधान), सोजत सेवा मंडल के अध्यक्ष लक्ष्मणराम गेहलोत, सचिव पुष्पतराज मुणोत, जगदीश पाराशर, सरपंच दलपत सिरवी, ताराचंद सैनी, लालचंद मोयल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
इस अवसर पर आयोजन में सहयोग करने वाले भामाशाहों एवं कार्यकर्ताओं का सम्मान भी किया गया। वक्ताओं ने सामूहिक विवाह जैसे आयोजनों को सामाजिक समरसता और आर्थिक सहयोग का सशक्त माध्यम बताते हुए समिति के प्रयासों की सराहना की।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
2
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0