महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा, सोजत में विभागों के बीच समन्वय पर जोर

महिलाओं और बालिकाओं के हित में जागरूकता बढ़ाने के निर्देश, उपखंड स्तरीय अभिसरण समिति की बैठक संपन्न

Jun 5, 2026 - 18:27
 0  48
महिला एवं बाल विकास योजनाओं की समीक्षा, सोजत में विभागों के बीच समन्वय पर जोर

सोजत,  महिला अधिकारिता विभाग सोजत द्वारा उपखंड कार्यालय में उपखंड अधिकारी श्री मासिंगाराम जांगिड़ की अध्यक्षता में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना अंतर्गत ब्लॉक टास्क फोर्स बैठक, ब्लॉक स्तरीय महिला समाधान समिति बैठक तथा महिला एवं बाल विकास विभाग की ब्लॉक स्तरीय अभिसरण समिति बैठक का आयोजन किया गया।

बैठक में शिक्षा, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, पंचायती राज, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान बाल विकास परियोजना अधिकारी द्वारा ब्लॉक की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार पर जोर दिया गया। मुख्यमंत्री सुपोषण न्यूट्री किट योजना के तहत सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर न्यूट्री किट वितरण की जानकारी दी गई।

पंचायती राज विभाग ने भवन निर्माण, शौचालय निर्माण एवं न्यूट्री गार्डन विकास की प्रगति साझा की, जबकि चिकित्सा विभाग को कुपोषित बच्चों की जांच एवं रेफरल सेवाओं को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए गए। शिक्षा विभाग से स्कूलों में केंद्र निर्माण हेतु अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने तथा मेंटर टीचरों द्वारा नियमित पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग ने सभी केंद्रों पर नल कनेक्शन उपलब्ध कराने की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

सीडीपीओ आलोक शर्मा ने बताया कि ब्लॉक क्षेत्र में 33 नंदघर एवं 11 आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र स्थापित किए जा चुके हैं। साथ ही 18 केंद्रों की मरम्मत समसा के माध्यम से करवाई गई है तथा 19 अन्य केंद्रों के प्रस्ताव भेजे गए हैं।

महिला अधिकारिता विभाग की सुपरवाइजर कविता परिहार ने बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ योजना की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए अंतरविभागीय समन्वय, ड्रॉपआउट बालिकाओं के पुनः नामांकन, काली बाई भील महिला संबल ‘शिक्षा सेतु’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन तथा उड़ान योजना के तहत स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रमों की जानकारी दी।

बैठक में मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के अंतर्गत निःशुल्क आरएससीआईटी, आरएससीएसएफए एवं आरएससीएसईपी प्रशिक्षण कार्यक्रमों, बाल यौन शोषण रोकथाम, गुड टच-बैड टच जागरूकता गतिविधियों तथा विद्यालयों में चाइल्डलाइन इंडिया की लघु फिल्म “कोमल” के प्रदर्शन पर चर्चा की गई। मुख्यमंत्री लाडो प्रोत्साहन योजना, राष्ट्रीय बालिका दिवस, अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस, बेटी जन्मोत्सव, हरियालो राजस्थान अभियान एवं ग्राम पंचायत स्तर पर जाजम बैठकों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने पर भी विचार-विमर्श हुआ।

ब्लॉक स्तरीय महिला समाधान समिति की बैठक में महिलाओं के साथ होने वाले उत्पीड़न, हिंसा एवं शोषण की रोकथाम तथा शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर चर्चा की गई। साथ ही सभी विभागों में पॉश एक्ट-2013 के तहत गठित आंतरिक समितियों की समीक्षा की गई।

महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, बगड़ी नगर की प्रगति रिपोर्ट में बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में प्राप्त 81 प्रकरणों का शत-प्रतिशत निस्तारण किया गया। वर्तमान वित्तीय वर्ष में प्राप्त 13 प्रकरणों में से 11 का निस्तारण हो चुका है तथा 2 प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं।

बैठक में महिलाओं के कौशल विकास हेतु सिलाई, ब्यूटी पार्लर प्रबंधन, सॉफ्ट टॉयज, अगरबत्ती एवं साबुन निर्माण जैसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों, मुख्यमंत्री नारी शक्ति उद्यम प्रोत्साहन योजना के तहत ऋण सुविधा तथा अमृता हाट बाजार के माध्यम से विपणन अवसर उपलब्ध कराने पर भी चर्चा की गई।

अध्यक्ष श्री मासिंगाराम जांगिड़ ने सभी विभागों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, बेहतर समन्वय एवं महिला-बालिका हित में अधिकाधिक जागरूकता गतिविधियां संचालित करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दलपत सिंह, बीपीओ प्रेम कुमार लोहिया, सहायक अभियंता राहुल, कनिष्ठ लेखाकार वीणा मेवाड़ा, महिला पर्यवेक्षक काजल मीणा, कनिष्ठ लेखाकार अंबिका सिंह, विधिक परामर्शदाता दुर्गा सैन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat