सोजत में 122 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन, सरकार भी शुरू करेगी राष्ट्रव्यापी अभियान

Feb 25, 2026 - 12:14
 0  27

सोजत। देशभर में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए भारत सरकार जल्द ही राष्ट्रव्यापी टीकाकरण अभियान शुरू करने जा रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार, इस महीने के अंत तक 14 वर्ष तक की बालिकाओं को ‘ह्यूमन पैपिलोमा वायरस’ (एचपीवी) वैक्सीन की मुफ्त सिंगल डोज दी जाएगी। अभियान के तहत हर वर्ष लगभग 1.15 करोड़ किशोरियों को टीका लगाने का लक्ष्य रखा गया है।

जानकारी के मुताबिक शुरुआती दो वर्षों तक ‘गार्डसिल’ वैक्सीन का उपयोग किया जाएगा। ‘गैवी वैक्सीन गठबंधन’ के माध्यम से भारत को 2.6 करोड़ खुराकें मिलनी हैं, जिनमें से करीब एक करोड़ खुराक देश में पहुंच चुकी हैं। वहीं, सीरम इंस्टीट्यूट के स्वदेशी टीके ‘सर्वावैक’ को अभी विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की मंजूरी मिलना बाकी है।

सरकारी घोषणा से पहले ही सोजत क्षेत्र में एक सराहनीय सामाजिक पहल मिसाल बन चुकी है। क्षेत्र के भामाशाह एवं समाजसेवी अनोपसिंह लखावत (अध्यक्ष, चारण गढ़वी इंटरनेशनल फाउंडेशन सोशियो) की पहल पर फाउंडेशन के बैनर तले अब तक समाज की 122 बेटियों को एचपीवी वैक्सीन की निशुल्क सुविधा उपलब्ध करवाई जा चुकी है।

इस अभियान को सफल बनाने में जोनल अध्यक्ष ओमप्रकाश उज्जवल, सचिव सरदारसिंह सांदु, महेंद्रसिंह खिड़िया, महेंद्रसिंह बारठ, देशराज अखावत, जिला अध्यक्ष महिपालसिंह लखावत, एमडी राजाभाई रुड़ाच, डॉ. सुमन कविया, जनक कंवर एवं प्रकाश कंवर सहित टीम के अन्य सदस्यों का सक्रिय सहयोग रहा।

फाउंडेशन द्वारा क्षेत्र में तीन विशेष शिविर आयोजित कर बालिकाओं को वैक्सीन की तीनों डोज लगवाई गईं, जिससे उन्हें भविष्य में इस गंभीर बीमारी से सुरक्षा मिल सके। इस पहल को समाज में व्यापक सराहना मिली है। समाजबंधुओं और सोजत के गणमान्य नागरिकों ने अनोपसिंह लखावत की दूरदर्शिता और जनहितैषी सोच की प्रशंसा करते हुए आभार जताया है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहल न केवल स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण साबित हुई है, बल्कि बेटियों के सुरक्षित भविष्य की दिशा में एक प्रेरणादायक कदम भी है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अत्यंत प्रभावी मानी जाती है। ऐसे में सरकारी अभियान और समाजसेवियों की पहल मिलकर देश की लाखों बेटियों को इस गंभीर बीमारी से बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 1
Sanjay Parihar News reporter sojat