सोजत उपखण्ड में ESIC सेवाओं का शुभारंभ, जागरूकता एवं स्वास्थ्य लाभ शिविर का भव्य आयोजन

ESIC योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी, सोजत में कर्मचारियों और नियोक्ताओं ने लिया लाभ

Jun 6, 2026 - 21:21
 0  152
सोजत उपखण्ड में ESIC सेवाओं का शुभारंभ, जागरूकता एवं स्वास्थ्य लाभ शिविर का भव्य आयोजन

सोजत सिटी कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ESIC) की सुविधाओं को कर्मचारियों एवं आमजन तक पहुंचाने तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मोतीचंद सेठिया आदर्श विद्या मंदिर, सोजत सिटी में भव्य ESIC जागरूकता एवं स्वास्थ्य लाभ शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन डॉ. शान्तिलाल सांखला (IMP ESI डॉक्टर, सोजत सिटी) के तत्वावधान में सम्पन्न हुआ।कार्यक्रम में ESIC शाखा कार्यालय पाली के शाखा प्रबंधक श्री हीरा लाल एवं सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री जसराज राणावत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अपने संबोधन में श्री हीरा लाल ने ESIC को देश की महत्वपूर्ण सामाजिक सुरक्षा योजना बताते हुए कहा कि यह कर्मचारियों और उनके परिवारों को बीमारी, दुर्घटना, मातृत्व, विकलांगता तथा आश्रित लाभ जैसी अनेक सुविधाएं प्रदान करती है। उन्होंने कर्मचारियों से योजना का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान किया।श्री जसराज राणावत ने नियोक्ताओं को ESIC पंजीकरण, अंशदान प्रक्रिया, कानूनी अनुपालन तथा ऑनलाइन सेवाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए समय पर पंजीकरण और अनुपालन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इससे कर्मचारियों को बेहतर सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध कराई जा सकती है।

शिविर के दौरान कर्मचारियों, नियोक्ताओं एवं ESIC लाभार्थियों को चिकित्सा सुविधाओं, कैश बेनिफिट्स, दुर्घटना सहायता, मातृत्व लाभ, विकलांगता लाभ एवं आश्रित पेंशन सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई। साथ ही उपस्थित लोगों की जिज्ञासाओं एवं प्रश्नों का समाधान विशेषज्ञ अधिकारियों द्वारा किया गया।

इस अवसर पर सोजत निजी विद्यालय संचालक संघ के अध्यक्ष किशना राम चौधरी, कोषाध्यक्ष धनपत टाक, श्री राजावत सहित अनेक शिक्षाविद्, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर के संयोजक डॉ. शान्तिलाल सांखला ने कहा कि सोजत क्षेत्र में ESIC सुविधा प्रारम्भ होना कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब उन्हें उपचार एवं अन्य सामाजिक सुरक्षा लाभों के लिए दूरस्थ स्थानों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का प्रभावी संचालन प्राइवेट स्कूल एसोसिएशन, सोजत के संरक्षक डॉ. वासुदेव सांखला ने किया। अंत में अतिथियों, प्रतिभागियों एवं सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया गया।

यह शिविर ESIC योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ सम्पूर्ण सोजत उपखण्ड में सामाजिक सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat