श्री श्याम सेवा ट्रस्ट रच रहा शिक्षा का नया इतिहास, 3 करोड़ की लागत से संवर रहा बालिका विद्यालय

मूंदड़ा परिवार की पहल से बदलेगी शिक्षा की तस्वीर, पाली जिले का आदर्श विद्यालय बनेगा सोजत स्कूल

Sep 26, 2026 - 17:24
 0  133
श्री श्याम सेवा ट्रस्ट रच रहा शिक्षा का नया इतिहास, 3 करोड़ की लागत से संवर रहा बालिका विद्यालय

सोजत सिटी। सेवा और शिक्षा के क्षेत्र में श्री श्याम सेवा ट्रस्ट सोजत एक नई मिसाल कायम कर रहा है। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में वर्तमान में लगभग 70 लाख रुपये के निर्माण कार्य पूर्ण हो चुके हैं, जबकि संपूर्ण परियोजना की लागत करीब 3 करोड़ रुपये है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद यह विद्यालय पाली जिले के उत्कृष्ट शैक्षणिक परिसरों में अपनी अलग पहचान बनाएगा।

परियोजना के अंतर्गत 8 आधुनिक कक्षाकक्ष, 60×100 फीट का विशाल बहुउद्देशीय हॉल, 2 मुख्य प्रवेश द्वार, कम्प्यूटर कक्ष, एमडीएम रसोईघर, 20 शौचालय तथा संपूर्ण विद्यालय की बाउंड्री वॉल का निर्माण किया जा रहा है। निर्माण कार्य पूर्ण होने के पश्चात विद्यालय का नामकरण लक्ष्मीनारायण ओमप्रकाश मूंदड़ा बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय किया जाएगा।

समाजसेवी ब्रह्मप्रकाश मूंदड़ा की प्रेरणा, विद्यालय प्रधानाचार्या श्रीमती श्यामा चारण तथा प्रवीण गुप्ता के सतत प्रयासों से निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ आगे बढ़ रहा है।

शनिवार को एसडीएमसी एवं एसएमसी सदस्यों ने विद्यालय परिसर का अवलोकन किया। इस दौरान नगरपालिका अध्यक्ष कीर्ति तंवर, राजेश तंवर, पार्षद ओमप्रकाश चौहान, प्रफुल्ल ओझा, पार्षद धर्मिष्ठा भाटी, रामावतार भाटी, चेतन व्यास, वाइस प्रिंसिपल मनीषा अग्रवाल, चुन्नीलाल बोस, नंदकिशोर पटेल, लक्ष्मी चौहान एवं दिनेश व्यास सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। सभी ने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए मूंदड़ा परिवार के शिक्षा क्षेत्र में दिए जा रहे योगदान के लिए साधुवाद ज्ञापित किया।

विद्यालय में वर्तमान में लगभग 750 विद्यार्थियों का नामांकन है। कक्षा 1 से 5 तक 20 विद्यार्थी, कक्षा 6 से 8 तक 84 विद्यार्थी, कक्षा 9 एवं 10 में 209 छात्राएं तथा कक्षा 11-12 में 260 छात्राएं अध्ययनरत हैं। वरिष्ठ माध्यमिक स्तर पर कला संकाय में 235 तथा विज्ञान संकाय में 25 छात्राओं का नामांकन है। विद्यालय में उर्दू, हेल्थ केयर, ब्यूटी एवं अन्य कौशल आधारित पाठ्यक्रमों के साथ एनएसएस एवं स्काउट-गाइड गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। छात्राओं को समय-समय पर शैक्षणिक एवं प्रेरणादायक स्थलों का भ्रमण भी कराया जाता है।

विद्यालय प्रशासन द्वारा भविष्य में वाणिज्य संकाय प्रारंभ करने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों का मानना है कि यह निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद विद्यालय न केवल सोजत बल्कि पूरे पाली जिले में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं की दृष्टि से एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat