सोजत में आईएफडब्लूजे का 77वां स्थापना दिवस मनाया, निष्पक्ष पत्रकारिता और पत्रकारों की सुरक्षा पर दिया जोर
राजपोल गेट पर आयोजित कार्यक्रम में पत्रकारिता की स्वतंत्रता, लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की मजबूती और पत्रकारों के हितों की रक्षा पर हुई चर्चा
सोजत सिटी। इण्डियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्लूजे) का 77वां स्थापना दिवस सोजत सिटी के राजपोल गेट पर उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर पत्रकारिता की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और लोकतंत्र के चौथे स्तंभ की भूमिका पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में वक्ताओं ने समाज, प्रदेश और देश की प्रमुख समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा जनहित में निर्भीक पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने जनआंदोलनों, बड़ी घटनाओं और धरना-प्रदर्शनों के दौरान निष्पक्ष पत्रकारिता करने वाले पत्रकारों पर बढ़ते हमलों, उनके कार्य में बाधाएं उत्पन्न करने और उन्हें प्रताड़ित किए जाने की घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए स्वतंत्र और निष्पक्ष पत्रकारिता आवश्यक है।
आईएफडब्लूजे के उपखंड अध्यक्ष कैलाश गहलोत ने कहा कि संगठन ने देश में पत्रकारिता की गरिमा, निष्पक्षता और पत्रकारिता के मानदंडों को बनाए रखने के लिए निरंतर कार्य किया है। संगठन जनआकांक्षाओं और लोककल्याण से जुड़े मुद्दों पर सदैव आवाज बुलंद करता रहेगा।
विधानसभा प्रभारी चेतन व्यास ने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता के सामने अनेक चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों का सामना करते हुए समाज को सही दिशा दिखाना और विकास एवं विश्वास की बुनियाद को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन पत्रकारिता और पत्रकारों के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
उपाध्यक्ष प्रकाश राठौड़ ने कहा कि आमजन को पत्रकारों से काफी अपेक्षाएं रहती हैं। ऐसे में समाचारों के प्रकाशन से पहले तथ्यों का समुचित सत्यापन करना और पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखना संगठन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
जिला सचिव अब्दुल समद राही ने संगठन की ओर से पत्रकारों और पत्रकारिता के हित में उठाए गए कदमों की जानकारी दी। साथ ही पत्रकारों के हितों को ध्यान में रखते हुए आगामी कार्ययोजना पर प्रकाश डाला। रामस्वरूप भटनागर ने कहा कि पत्रकारिता के उद्देश्यों को सार्थक बनाने के लिए समय-समय पर पत्रकारों की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी।
वहीं, अशोक गहलोत ने बताया कि जयपुर में आयोजित स्थापना दिवस कार्यक्रम में सोजत के प्रतिनिधिमंडल ने भी भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान दिवंगत आत्माओं को श्रद्धासुमन अर्पित किए गए तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।
इस अवसर पर रशीद गौरी, राकेश भटनागर, अकरम खान, हितेश भाटी, भवानी सिंह बागावास, इस्माइल खान, मोटाराम बोचावत, गजेंद्र गहलोत सहित अन्य उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0