सोजत में विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में डोर स्टेप प्री-काउंसलिंग कैंप आयोजित*

Aug 26, 2026 - 16:14
 0  21
सोजत में विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में डोर स्टेप प्री-काउंसलिंग कैंप आयोजित*

सोजत। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर द्वारा निर्देशित गाइडलाइन की पालना में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत की सफलता एवं अधिकाधिक प्रकरणों के आपसी समझौते के माध्यम से निस्तारण के उद्देश्य से तालुका विधिक सेवा समिति, सोजत द्वारा डोर स्टेप प्री-काउंसलिंग कैंप का आयोजन किया गया। तालुका विधिक सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती रेखा रानी, अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सोजत के निर्देशानुसार सोजत न्यायिक क्षेत्र में स्थित न्यायालयों में संस्थित दीवानी, राजस्व एवं फौजदारी प्रकरणों के साथ-साथ धारा 138 परक्राम्य विलेख अधिनियम से संबंधित दस लाख रुपये तक की राशि की सीमा वाले मामलों तथा विभिन्न प्रकार के प्री-लिटिगेशन मामलों में पक्षकारों को आपसी सहमति एवं समझौते के लिए प्री-काउंसलिंग प्रदान की गई। डोर स्टेप प्री-काउंसलिंग कैंप का आयोजन स्थानीय पंचायत समिति सोजत के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग रूम में किया गया। कैंप का उद्देश्य पक्षकारों को न्यायालय तक बार-बार आने की आवश्यकता को कम करते हुए उनके लंबित विवादों के शांतिपूर्ण एवं आपसी सहमति से समाधान के लिए उचित मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना रहा। कैंप के दौरान प्रोबोनो काउंसलर सदस्य मानवेन्द्र भाटी एवं पवन दवे, एडवोकेट्स द्वारा उपस्थित नागरिकों एवं पक्षकारों को उनके प्रकरणों के संबंध में आवश्यक कानूनी जानकारी एवं काउंसलिंग प्रदान की गई। काउंसलिंग के दौरान पक्षकारों को आपसी सहमति, संवाद एवं समझौते के माध्यम से विवादों के निस्तारण के लाभों के बारे में भी जानकारी दी गई।इस अवसर पर मुकेश जांगिड़, राकेशदेव, दुलीचंद कोर्ट कर्मचारी एवं सावल प्रभात व्यास, पीएलवी सहित अन्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित पक्षकारों ने विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के डोर स्टेप कैंप से आमजन को अपने कानूनी मामलों के संबंध में सरल एवं सुलभ मार्गदर्शन प्राप्त होता है तथा विवादों के शीघ्र एवं सौहार्दपूर्ण समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण सहायता मिलती है।तालुका विधिक सेवा समिति द्वारा आमजन से अपील की गई कि आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए अपने लंबित एवं प्री-लिटिगेशन प्रकरणों में आपसी सहमति एवं समझौते के माध्यम से विवादों का निस्तारण करवाएं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat