वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आई माता मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा बनी आकर्षण का केंद्र

Apr 24, 2026 - 17:37
 0  37
वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आई माता मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा संपन्न, हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा बनी आकर्षण का केंद्र

गुड़ा कलां | गुड़ा रामसिंह गांव में शुक्रवार को 5 दिवसीय आई माता मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का भव्य समापन हुआ। अंतिम दिन भोर की पहली किरण के साथ पूरा गांव आई माता के जयकारों से गूंज उठा। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों की गूंज और श्रद्धालुओं की अपार भीड़ के बीच आई माता की प्राण-प्रतिष्ठा समाज के धर्मगुरु दीवान माधवसिंह के करकमलों से संपन्न हुई।

मंदिर के गर्भगृह में लाल एवं सफेद गादी की स्थापना की गई। साथ ही श्री विनायक महाराज एवं राधा-कृष्ण सहित अन्य देवी-देवताओं की मूर्तियों को अखंड ज्योत के साथ स्थापित किया गया। श्रद्धालुओं ने आई माता के बैल के दर्शन कर जयकारे लगाए।

कार्यक्रम के दौरान हेलीकॉप्टर से की गई पुष्पवर्षा मुख्य आकर्षण रही, जिसने पूरे आयोजन को भव्यता प्रदान की।

इस अवसर पर धर्मगुरु दीवान माधवसिंह के सानिध्य में धर्मसभा का आयोजन भी किया गया। सभा में परगना समिति सोजत के सचिव मिश्रीलाल रेतिया, दीपाराम काग, गुडारामसिंह बडेर के कोटवाल अमराराम हाम्बड, जमेदार पोकरराम सिंदड़ा सहित सोहनलाल, मदनलाल, भेराराम, भंवरलाल, पुखाराम, पेमाराम, कुनाराम, प्रकाश, रमेश, नारायण परिहार, आकाश, धर्मेंद्र समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

भजन संध्या में भक्ति की सरिता बही

इससे पूर्व गुरुवार रात्रि को भजन संध्या का आयोजन हुआ, जिसमें भजन गायक महावीर सांखला और मधुबाला राव ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिससे माहौल भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग देने वाले कार्यकर्ताओं और समिति सदस्यों का सम्मान किया गया। अंत में महाप्रसादी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ, जिसमें महिलाओं की विशेष भूमिका रही। समिति के कोटवाल अमराराम हाम्बड और जमेदार पोकरराम सिंदड़ा ने सभी का आभार व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat