राणावास में अरंडी की फसल के बीच 350 अवैध अफीम के पौधे बरामद, एक आरोपी गिरफ्तार
सोजत। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी व रोकथाम के खिलाफ कार्रवाई करते हुए सिरियारी थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने थाना क्षेत्र के राणावास गांव में एक खेत से अरंडी की फसल के बीच उगाए गए 350 अवैध अफीम के पौधे जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
सिरियारी थाना प्रभारी हुकमगिरी गोस्वामी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि राणावास गांव में एक खेत में अरंडी की फसल के बीच अवैध रूप से अफीम के पौधे उगाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सहायक उप निरीक्षक बरकत अली के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन कर मौके पर भेजा गया।
पुलिस टीम ने खेत में दबिश दी, जहां अरंडी की खड़ी फसल के चारों ओर सफेद मेटिंग लगाई गई थी। जब मेटिंग को हटाकर जांच की गई तो उसके नीचे अफीम के पौधे उगे हुए पाए गए। मौके से कुल 350 अवैध अफीम के पौधे जब्त किए गए।
पुलिस ने इस मामले में आरोपी सोहनलाल को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0