भव्य बिंदोली के साथ हुआ श्रीराम-सीता विवाह, रामलीला में उमड़ा जनसैलाब
काशी के कलाकारों की अद्भुत प्रस्तुति, रामलीला देखने उमड़ा पूरा नगर
सोजत सिटी। धर्म प्रचारक रामलीला मंडल काशी द्वारा आयोजित भव्य रामलीला महोत्सव के चौथे दिन श्री परशुराम-लक्ष्मण संवाद एवं भगवान श्रीराम-सीता विवाह का आकर्षक मंचन किया गया। वैदिक मंत्रोच्चार, ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और आतिशबाजी के बीच आयोजित श्रीराम-सीता विवाह ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया। विवाह प्रसंग से पूर्व नगर में भव्य बिंदोली शोभायात्रा निकाली गई, जिसका विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
रामलीला में काशी से आए कलाकारों ने अपने जीवंत अभिनय से दर्शकों का मन मोह लिया। श्री परशुराम-लक्ष्मण संवाद के प्रभावशाली मंचन पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं, वहीं श्रीराम-सीता विवाह के मनमोहक दृश्य को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। आयोजन स्थल पर जनसैलाब जैसा माहौल देखने को मिला।
रामलीला मंडल के सचिव मकरनाथ प्रताप ने बताया कि यह आयोजन समस्त नगरवासियों के सहयोग से किया जा रहा है और इसका उद्देश्य भारतीय संस्कृति एवं संस्कारों का संरक्षण करना है। उन्होंने कहा कि रामलीला के माध्यम से बच्चों में नैतिक एवं धार्मिक संस्कार विकसित होते हैं। इसी उद्देश्य से बच्चों को हनुमान चालीसा का वितरण भी किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि आगामी मंचन में श्रीराम राज्याभिषेक की तैयारियों एवं भगवान श्रीराम को 14 वर्ष के वनवास मिलने की घटनाओं का भावपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं अगले दिन की विशेष प्रस्तुति में शूर्पणखा नाक-छेदन एवं सीता हरण का मंचन किया जाएगा, जिसे लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0