तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम की निर्मम हत्या, आरोपी हिरासत में

सोजत में सनसनीखेज वारदात: मदरसे से लौट रहे 11 साल के बच्चे का अपहरण कर गला काटा

May 15, 2026 - 18:00
 0  448
तंत्र-मंत्र के नाम पर मासूम की निर्मम हत्या, आरोपी हिरासत में

पाली जिले के सोजत उपखंड के शिवपुरा थाना क्षेत्र स्थित रामासनी सांदवान गांव में गुरुवार देर शाम इंसानियत को झकझोर देने वाली घटना सामने आई। 11 वर्षीय मासूम बालक की तंत्र-मंत्र के नाम पर बेरहमी से हत्या कर दी गई। पुलिस ने मामले में गांव के ही 30 वर्षीय युवक को हिरासत में लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या करना कबूल कर लिया।

पुलिस के अनुसार आरोपी अविवाहित है और लंबे समय से तंत्र-मंत्र के चक्कर में पड़ा हुआ था। प्रारंभिक पूछताछ में उसने बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही थी। एक तांत्रिक ने उसे नरबलि देने पर शादी होने का झांसा दिया था। इसी के चलते वह कई दिनों से गांव के एक 11 वर्षीय बच्चे की रैकी कर रहा था।

गुरुवार दोपहर मदरसे से घर लौट रहे मासूम को आरोपी बहला-फुसलाकर गांव के बाहर तालाब की पाल के पास झाड़ियों में ले गया। वहां उसने बच्चे के हाथ-पैर और मुंह बांध दिए तथा कथित तांत्रिक क्रिया करने के बाद धारदार हथियार से उसका गला काट दिया। घटनास्थल पर टूटी मटकी, लकड़ी और तंत्र-मंत्र में उपयोग होने वाला सामान भी मिला है।

मृतक के पिता ने बताया कि आरोपी गांव का परिचित था, इसलिए बच्चे को उस पर शक नहीं हुआ। आरोपी ने बेरहमी से बेटे की हत्या कर दी। उन्होंने आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग की है।

मृतक के दादा ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी खुद उनके घर आया और बोला कि किसी ने बच्चे की हत्या कर दी है। जब परिवार मौके पर पहुंचा तो गांव से करीब 500 मीटर दूर तालाब की पाल पर बच्चे का शव पड़ा मिला। बाद में आरोपी की गतिविधियों और खून से सने कपड़े बदलने पर ग्रामीणों व पुलिस को उस पर शक हुआ।

पुलिस को सूचना देने के बाद आरोपी अचानक गायब हो गया। इस पर पुलिस ने उसकी तलाश कर हिरासत में लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया।

ग्रामीणों के अनुसार आरोपी पहले भी कई आपराधिक और अमानवीय घटनाओं में शामिल रहा है। करीब दो साल पहले उसने एक भैंस के पाड़े का गला काट दिया था तथा बाद में गोवंश के गुप्तांग काटने की घटना भी सामने आई थी। उस समय ग्रामीणों के कहने पर मामला शांत हो गया था।

शुक्रवार को शिवपुरा थाना पुलिस, सोजत पुलिस और एफएसएल टीम ने घटनास्थल का दोबारा मुआयना किया। मौके से खून से सनी लकड़ी, टूटा मटका और अन्य सामग्री जब्त की गई है। एफएसएल टीम ने वीडियोग्राफी और साक्ष्य संग्रहण की कार्रवाई की।

सोजत डीएसपी रतन देवासी ने बताया कि आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है। मामला नरबलि और तंत्र-मंत्र से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस उस तांत्रिक की भी तलाश कर रही है, जिसके कहने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया।

घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। शुक्रवार सुबह सर्व समाज की बैठक आयोजित कर आरोपी के परिवार को गांव से बेदखल करने का निर्णय लिया गया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि आरोपी के पुराने मामलों में समय रहते सख्त कार्रवाई होती तो मासूम की जान बच सकती थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat