सोजत डॉ. चेनाराम चौधरी फैलोशिप उपाधि से सम्मानित
सोजत राजकीय चिकित्सालय में कार्यरत वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. चेनाराम चौधरी को इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियन (ICP) द्वारा प्रतिष्ठित एफआईसीपी (FICP) फैलोशिप उपाधि से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान बिहार की राजधानी पटना स्थित सम्राट अशोक कन्वोकेशन सेंटर, गांधी मैदान (बापू सभागार) में आयोजित भव्य राष्ट्रीय सम्मेलन APICON-2026 के दौरान प्रदान किया गया।
APICON-2026 को फिजिशियनों का महाकुंभ कहा जाता है। इस अवसर पर इंडियन कॉलेज ऑफ फिजिशियन द्वारा देश-विदेश के कुल 96 प्रतिष्ठित फिजिशियनों को मानद फैलोशिप से अलंकृत किया गया। इनमें यूके (यूनाइटेड किंगडम), श्रीलंका, नेपाल, बांग्लादेश सहित भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों एम्स नई दिल्ली, पीजीआई चंडीगढ़, आर्म्ड फोर्स मेडिकल कॉलेज पुणे व अन्य मेडिकल कॉलेजों के वरिष्ठ चिकित्सक शामिल रहे।
राजस्थान से भी 12 चिकित्सकों को इस अवसर पर सम्मानित किया गया। इनमें डॉ. अनिल सामरिया (प्रधानाचार्य एवं विभागाध्यक्ष, मेडिसिन, जवाहरलाल मेडिकल कॉलेज अजमेर), डॉ. भावना शर्मा (प्रोफेसर, न्यूरोलॉजी विभाग, एसएमएस मेडिकल कॉलेज जयपुर) सहित अन्य चिकित्सक शामिल थे।
पाली जिले से डॉ. हजारीमल (पूर्व विभागाध्यक्ष एवं अधीक्षक, बांगड़ अस्पताल पाली), डॉ. महावीर सुराणा (वरिष्ठ चिकित्सक, पाली), डॉ. प्रवीण गर्ग (प्रोफेसर, मेडिकल कॉलेज पाली) को भी डॉ. चेनाराम चौधरी के साथ सम्मानित किया गया।
यह फैलोशिप डॉ. चौधरी को उनके चिकित्सा शिक्षा (CME), सेमिनार, राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस, रिसर्च, स्वास्थ्य के प्रति सामाजिक जागरूकता तथा चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए प्रदान की गई है।
डॉ. चेनाराम चौधरी को मिले इस सम्मान पर सोजत सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। शबनम साहित्य समिति के अध्यक्ष व प्रबंध निदेशक अब्दुल समद राही सहित अनेक सामाजिक संगठनों, चिकित्सकों व गणमान्य नागरिकों ने उन्हें बधाई दी।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0