ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय, अटबड़ा जनसुनवाई शिविर में अधिकारियों ने सुनी फरियाद

पेंशन, पेयजल, सड़क और राजस्व मामलों पर त्वरित कार्रवाई, अटबड़ा जनसुनवाई शिविर रहा सफल

Jun 4, 2026 - 17:38
 0  50
ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन सक्रिय, अटबड़ा जनसुनवाई शिविर में अधिकारियों ने सुनी फरियाद

सोजत। जिला कलेक्टर के निर्देशानुसार ग्राम पंचायत अटबड़ा में गुरुवार को विशेष जनसुनवाई शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सोजत उपखंड के सभी ब्लॉक स्तरीय अधिकारी एसडीएम मानसिंगा राम जांगीड़, तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह उपस्थित रहे और ग्रामीणों की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई की गई।

जनसुनवाई के दौरान पेयजल समस्या, डामर सड़क मरम्मत, जमाबंदी में नाम सुधार, विद्युत लाइन हटाने, जन्म एवं विवाह प्रमाण पत्र जारी करने, जमीन बंटवारा, रास्तों से अतिक्रमण हटाने तथा खेल मैदान आवंटन सहित कुल 19 प्रकरण प्राप्त हुए। सभी प्रकरणों को संबंधित विभागों को हस्तांतरित कर त्वरित एवं नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

शिविर में पेंशन आवेदनकर्ताओं, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना के लाभार्थियों तथा आपसी सहमति से बंटवारे के मामलों में पात्र व्यक्तियों को मौके पर ही प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा लंबित एवं चिन्हित मामलों का भी निस्तारण किया गया।

विद्युत विभाग ने ढीले तारों की मरम्मत के 3, नए घरेलू कनेक्शन के 6, क्षतिग्रस्त पोल के 8, लाइन शिफ्टिंग के 1 तथा ग्रिड सुधार के 18 प्रकरणों का निस्तारण किया। राजस्व विभाग ने जमाबंदी सुधार के 8, नामांतरण के 5 एवं बंटवारे के 3 मामलों का समाधान करते हुए एफआरसी के तहत 3 नए पंजीयन भी किए।

समाज कल्याण विभाग ने पालनहार योजना सत्यापन के 27 मामलों का निस्तारण किया। वहीं शिविर में पहुंचे 7 ऐसे वृद्धजन, जो पात्र होने के बावजूद पेंशन से वंचित थे, उनके आवेदन कराकर सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू करवाई गई।

पीएचईडी विभाग ने लीकेज संबंधी 4 शिकायतों का समाधान किया। कृषि विभाग ने तारबंदी के 3, फार्म पॉण्ड के 2 तथा पाइपलाइन के 1 प्रकरण का ऑनलाइन आवेदन करवाया। पशुपालन विभाग ने 10 लाभार्थियों को मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना की पॉलिसियां वितरित कीं तथा पशुओं का टीकाकरण भी किया।

पंचायतीराज विभाग ने जन्म प्रमाण पत्र के 12, मृत्यु प्रमाण पत्र के 5, विवाह प्रमाण पत्र के 2 तथा ई-केवाईसी से जुड़े 25 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण किया। मेडिकल विभाग ने ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

शिविर में प्राप्त नई डामर सड़क एवं पुल निर्माण संबंधी शिकायतों पर पीडब्ल्यूडी विभाग द्वारा नियमानुसार आगे की कार्रवाई करने का आश्वासन दिया गया। जनसुनवाई शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat