करमावास द्वितीय आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ आयोजित, अन्नप्राशन संस्कार व पोषाहार प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और शिक्षा पर दिया गया जोर, करमावास में गरिमामय माहौल में हुआ आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम

Sep 26, 2026 - 15:08
 0  65
करमावास द्वितीय आंगनवाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ आयोजित, अन्नप्राशन संस्कार व पोषाहार प्रदर्शनी रही आकर्षण का केंद्र

सोजत/बगड़ी। महिला एवं बाल विकास विभाग के तत्वावधान में बगड़ी ब्लॉक के आदर्श आंगनवाड़ी केंद्र करमावास द्वितीय में ‘आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम’ का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में ग्रामीण महिलाओं ने पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति देकर प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। अन्नप्राशन संस्कार, पोषाहार प्रदर्शनी एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रही।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए बाल विकास परियोजना अधिकारी आलोक शर्मा ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण एवं प्रारंभिक बाल्य शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने तथा ‘विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को साकार करने के उद्देश्य से इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

मेंटर टीचर दरियाव राठौर एवं प्रधानाचार्य प्रेमराज राठौर ने 3 से 6 वर्ष तक के बच्चों के लिए खेल-खेल में शालापूर्व शिक्षा तथा तीन वर्ष तक के बच्चों के लिए नवचेतना कार्यक्रम के तहत घर पर कराई जाने वाली गतिविधियों की जानकारी दी। वहीं एएनएम ने गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के नियमित टीकाकरण तथा स्वास्थ्य सेवाओं के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के दौरान समुदाय आधारित गतिविधियों (सीबीई) के अंतर्गत आकर्षक रंगोली, विभागीय सेवाओं से संबंधित डिस्प्ले एवं पोषाहार प्रदर्शनी लगाई गई। साथ ही एक नन्हे बालक का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया, जिससे पोषण संबंधी जागरूकता का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर प्रशासक पीथाराम सीरवी, ब्लॉक समन्वयक इंद्रगिरि, एएनएम पिस्ता देवी, सीएचओ प्रीति, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता सरोज सेन, नारायणी देवी, राधा देवी, आशा सहयोगिनी सन्नू, शोभा देवी, भाग्यश्री, सहायिका पुष्पा सेन, डिम्पल परिहार, कुकली, साथिन रेखा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, ग्रामीण, महिलाएं एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। अंत में अतिथियों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 1
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat