बिड़ला स्कूल में शहीदों, बाबा साहेब और आशा भोसले को श्रद्धांजलि

Apr 13, 2026 - 13:19
Apr 13, 2026 - 13:20
 0  0
बिड़ला स्कूल में शहीदों, बाबा साहेब और आशा भोसले को श्रद्धांजलि

सोजत। स्थानीय बिड़ला स्कूल में सोमवार जलियांवाला बाग हत्याकांड के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम के दौरान संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर (बाबा साहेब) के जीवन एवं योगदान को याद किया गया, वहीं भारत की प्रसिद्ध गायिका आशा भोसले को भी मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।

कार्यक्रम का शुभारंभ बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण कर संस्था के निदेशक मदन गहलोत, प्रिंसिपल श्रीमती आशा राजपुरोहित, नीलू राठौड़ और रुचि परिहार द्वारा किया गया। इस अवसर पर जीव राज प्रजापत ने “साहिब मेरे भीम राम” गीत के साथ बाबा साहेब की प्रेरणादायक झांकी प्रस्तुत की।

आशुकवि रामपाल वैष्णव ने जलियांवाला बाग पर कविता प्रस्तुत की, वहीं शिल्पा मैम ने इस ऐतिहासिक घटना का मार्मिक वर्णन कर सभी को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम संयोजक कुणाल शर्मा ने विद्यार्थियों को बाबा साहेब के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

प्रिंसिपल श्रीमती आशा राजपुरोहित ने विद्यार्थियों को संस्कारों के साथ शिक्षा में भी पूर्ण समर्पण रखने की प्रेरणा दी, जबकि निदेशक मदन गहलोत ने बाबा साहेब के अमूल्य योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के दौरान नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों ने बाबा साहेब के जीवन परिचय को हिंदी और अंग्रेजी में प्रस्तुत किया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा जलियांवाला बाग पर आधारित एक लघु नाटिका का मंचन किया गया, जिसकी शुरुआत “इंकलाब जिंदाबाद” के नारों से हुई। इस नाटिका को तैयार कराने में उत्तम सर, भरत सर और जय श्री मैम का विशेष सहयोग रहा।

अंत में विद्यालय परिवार द्वारा जलियांवाला बाग के शहीदों और आशा भोसले के सम्मान में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat