कंटालिया डबल मर्डर केस में बड़ा फैसला, दोषी प्रकाश को आजीवन कारावास
30 गवाह और 21 भौतिक साक्ष्यों के आधार पर दोष सिद्ध, डबल मर्डर के आरोपी को उम्रकैद
सोजत, 26 सितंबर। बगड़ी थाना क्षेत्र के कंटालिया गांव में वर्ष 2021 में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में अपर जिला एवं सत्र न्यायालय (एडीजे) सोजत ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाते हुए अभियुक्त प्रकाश पुत्र चिमनाराम प्रजापत निवासी रामासनी बाला को दोषी करार दिया। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश रेखा रानी ने अभियुक्त को भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं में सजा सुनाई।
न्यायालय ने अभियुक्त को धारा 302 के तहत आजीवन कारावास एवं 50 हजार रुपये अर्थदंड, धारा 397 के तहत 7 वर्ष के कठोर कारावास एवं 25 हजार रुपये अर्थदंड तथा धारा 201 के तहत 3 वर्ष के कठोर कारावास एवं 10 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया।
यह था मामला
अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने बताया कि 6 दिसंबर 2021 को परिवादी रमेश पुत्र खीवाराम प्रजापत, हाल निवासी बेंगलुरु ने बगड़ी अस्पताल की मोर्चरी में रिपोर्ट पेश की थी। रिपोर्ट के अनुसार उसकी गोद ली हुई मां अमरती देवी एवं बहन उकिया देवी कंटालिया गांव में रहती थीं। दोनों की अज्ञात व्यक्ति द्वारा हत्या कर दी गई थी। घर के बाहर ताला लगा हुआ था तथा दोनों के शव अंदर पड़े हुए थे। शवों से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई।
घटना की सूचना मिलने पर परिवादी बेंगलुरु से गांव पहुंचा और पुलिस थाना बगड़ी में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस पर पुलिस ने प्रकरण संख्या 173/2021 दर्ज कर जांच शुरू की।
30 गवाह, 55 दस्तावेज और 21 भौतिक साक्ष्य पेश
पुलिस अनुसंधान के दौरान जुटाए गए परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त प्रकाश प्रजापत के खिलाफ धारा 302, 201 एवं 397 आईपीसी के तहत आरोप पत्र न्यायालय में पेश किया गया।
मामले की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष की ओर से 30 गवाहों के बयान, 55 दस्तावेज तथा 21 भौतिक साक्ष्य (आर्टिकल) न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किए गए। अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने मौखिक, दस्तावेजी, परिस्थितिजन्य एवं भौतिक साक्ष्यों के आधार पर प्रभावी पैरवी करते हुए अभियुक्त के विरुद्ध आरोप सिद्ध किए।
सभी साक्ष्यों एवं तर्कों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने अभियुक्त प्रकाश को दोषी ठहराते हुए आजीवन कारावास सहित विभिन्न सजाएं सुनाईं।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0