रूपावास ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच बाबूसिंह राजपुरोहित ने संभाला कार्यभार, रूपावास-लुंडावास के विकास का दिलाया भरोसा
विधि-विधान से सरपंच बाबूसिंह राजपुरोहित ने किया पदभार ग्रहण, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में हुआ अभिनंदन समारोह
सोजत के निकटवर्ती ग्राम पंचायत रूपावास राजपुरोहितान के नवनिर्वाचित सरपंच श्री बाबूसिंह राजपुरोहित ने शुक्रवार को विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ ग्राम पंचायत का कार्यभार ग्रहण किया।
कमलेश राजपुरोहित ने बताया कि ग्राम पंचायत कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में श्री रामस्वरूप उपाध्याय महाराज के पावन सानिध्य में विधिवत पूजा-अर्चना की गई। इसके पश्चात ग्राम सेवक निरंजन जालोटिया ने ग्राम पंचायत का कार्यभार नवनिर्वाचित सरपंच बाबूसिंह राजपुरोहित, उपसरपंच विजयराज सिंह राजपुरोहित एवं सभी नवनिर्वाचित वार्ड पंचों को सुपुर्द किया।
इस अवसर पर गांव के सैकड़ों गणमान्य नागरिक एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे। कार्यभार ग्रहण करने के बाद सरपंच बाबूसिंह राजपुरोहित ने ग्रामवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीणों ने उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसका वे पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। रूपावास एवं लुंडावास के सर्वांगीण विकास के लिए वे सदैव तत्पर रहेंगे तथा ग्राम विकास के कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने देंगे।
कार्यक्रम के पश्चात राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रूपावास में प्रधानाचार्य एवं समस्त विद्यालय परिवार की ओर से नवनिर्वाचित ग्राम पंचायत के सरपंच, उपसरपंच एवं वार्ड पंचों का स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0