एजुकेट गर्ल्स की पहल से शिक्षा की नई किरण, बगड़ी नगर में 10वीं-12वीं ओपन अध्ययन केंद्र शुरू

शिक्षा से सशक्तिकरण की ओर कदम, एजुकेट गर्ल्स ने शुरू किया 10वीं-12वीं अध्ययन केंद्र

Jul 14, 2026 - 18:20
 0  30
एजुकेट गर्ल्स की पहल से शिक्षा की नई किरण, बगड़ी नगर में 10वीं-12वीं ओपन अध्ययन केंद्र शुरू

बगड़ी नगर/सोजत, 14 जुलाई। महिला शिक्षा एवं बालिका सशक्तिकरण को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए एजुकेट गर्ल्स संस्था एवं संस्कार शिक्षण संस्थान पाली के संयुक्त प्रयासों से भामाशाह भवन, बगड़ी नगर (सोजत) में ड्रॉपआउट बालिकाओं एवं महिलाओं के लिए 10वीं एवं 12वीं का ओपन अध्ययन केंद्र शुरू किया गया। इस अवसर पर प्रगति कैंप के तहत महिला जागरूकता एवं उन्नति सभा का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में विधिक परामर्शदाता दुर्गा सेन ने घरेलू हिंसा, दहेज प्रताड़ना, बाल विवाह एवं महिलाओं के कानूनी अधिकारों पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहना चाहिए तथा किसी भी प्रकार की हिंसा या उत्पीड़न की स्थिति में बिना भय के सहायता प्राप्त करनी चाहिए। साथ ही महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, पुलिस थाना बगड़ी नगर की सेवाओं तथा महिला संरक्षण से जुड़े विभिन्न कानूनों की भी जानकारी प्रदान की।

सामाजिक परामर्शदाता गुनवंती पंवार ने महिलाओं को आत्मसम्मान, समानता, शिक्षा और सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक करते हुए कहा कि शिक्षा ही महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त और सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर करती है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा को जीवन का आधार बनाने का आह्वान किया।

एजुकेट गर्ल्स संस्था की प्रेरक सुमन गहलोत ने बताया कि संस्था के सहयोग से पिछले दो वर्षों में 47 ड्रॉपआउट बालिकाओं ने 10वीं कक्षा की परीक्षा सफलतापूर्वक उत्तीर्ण की है। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य प्रत्येक बालिका और महिला को शिक्षा से जोड़ना तथा उन्हें आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित बालिकाओं एवं महिलाओं को नियमित अध्ययन करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन की ओर अग्रसर होने का संकल्प दिलाया गया। आयोजकों ने बताया कि बगड़ी नगर में प्रारंभ किया गया यह ओपन अध्ययन केंद्र उन बालिकाओं और महिलाओं के लिए नई उम्मीद साबित होगा, जिन्होंने किसी कारणवश अपनी पढ़ाई बीच में छोड़ दी थी।

इस अवसर पर राजीविका बैंक मित्र आशा चौहान, संजू, गवरी, प्रियंका सहित अनेक महिलाएं एवं बालिकाएं उपस्थित रहीं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat