पाली में वैष्णव समाज द्वारा गौ माता लापसी भोग एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न

Feb 22, 2026 - 15:26
 0  19

पाली। फाल्गुन मास के पावन अवसर पर वैष्णव समाज (च सं) वेलफेयर सोसाइटी जिला पाली के तत्वावधान में नन्दी गौशाला में श्रद्धा एवं भक्ति भाव से गौ माता लापसी भोग एवं पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में समाज के गणमान्य नागरिकों, मातृशक्ति एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

सूर्योदय की प्रथम किरण के साथ शुरू हुए कार्यक्रम में भक्तजन पूजन थालियां लेकर गौशाला पहुंचे। पंडित लेखराज तिवारी के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गौ माता का कंकू से तिलक, चुनरी ओढ़ाकर विधिवत पूजन किया गया तथा लापसी का भोग अर्पित किया गया। उपस्थित गौभक्तों ने आरती कर समस्त प्राणियों के कल्याण की कामना की। महिलाओं ने भजन-कीर्तन व पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत कर माहौल को भक्तिमय बना दिया।

संयोजक प्रवीण वैष्णव ने बताया कि समाज सेवा एवं गौ सेवा भारतीय संस्कृति की मूल भावना है। कार्यक्रम संयोजक दिनेश कुमार वैष्णव ने कहा कि पूजन के पश्चात सभी ने गौ सेवा एवं गौ सम्मान का संकल्प लिया। पंडित तिवारी ने गौ माता के सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए ऐसे आयोजनों को समाज में सकारात्मक ऊर्जा का स्रोत बताया।

नारायणदास हिंगोला ने कहा कि समाज में भामाशाहों की कमी नहीं है और आवश्यकता पड़ने पर सभी सहयोग के लिए तत्पर रहते हैं। कार्यक्रम में अनेक समाजबंधुओं ने प्रसादी भोग एवं व्यवस्थाओं में सहयोग दिया। गौशाला के पपुसा शर्मा, गोरधन एवं अन्य स्टाफ का भी विशेष सहयोग रहा। संचालन जगदीश दिवाकर ने किया।

कार्यक्रम के बाद आयोजित बैठक में समाज में शिक्षा जागरूकता बढ़ाने हेतु वैष्णव प्रतिभा खोज परीक्षा, बालिका शिक्षा प्रोत्साहन, वृद्धजनों का सम्मान, नशा मुक्ति अभियान एवं सामाजिक एकता के लिए सामूहिक कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। अंत में सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat