सोजत में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों और अखाड़ों ने मोहा मन

Apr 3, 2026 - 04:22
Apr 3, 2026 - 04:24
 0  48
सोजत में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों और अखाड़ों ने मोहा मन
सोजत में हनुमान जन्मोत्सव पर निकली भव्य शोभायात्रा, झांकियों और अखाड़ों ने मोहा मन

सोजत सिटी। शहर में श्री हनुमान जन्मोत्सव का महापर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा में आकर्षक झांकियां, अखाड़ों के हैरतअंगेज प्रदर्शन और भक्तों की भारी भागीदारी ने माहौल को भक्तिमय बना दिया।

जन्मोत्सव के अवसर पर शहर के प्रमुख हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। बस स्टैंड स्थित जय वीर हनुमानजी मंदिर, तालाब स्थित श्री बालाजी की भाकरी, सेवकों की बगीची हनुमान मंदिर, दांतिया बालाजी मंदिर, इच्छापूर्ण बालाजी मंदिर एवं सुकड़ी नदी किनारे स्थित हनुमानजी मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन किया गया। मंदिरों में भगवान हनुमानजी का जलाभिषेक, पंचामृत अभिषेक एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ महाआरती की गई।

दोपहर बाद जैतारणिया गेट स्थित वाल्मीकि समाज के बालाजी मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ हुआ। शोभायात्रा में सजे-धजे घुड़सवार एवं ऊंट सवार आकर्षण का केंद्र रहे। बैंड और डीजे की धुन पर गूंजते भजनों के बीच युवा और बालिकाएं उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए आगे बढ़ते नजर आए। अखाड़ों द्वारा प्रस्तुत किए गए रोमांचक करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

शोभायात्रा में भगवान श्रीकृष्ण-राधा, भगवान शिव-पार्वती, मां भगवती जगदंबा, कुम्हार की पारंपरिक कला तथा प्रेमानंद जी महाराज की आकर्षक झांकियां विशेष रूप से सराही गईं।

यह आयोजन विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल, मातृशक्ति एवं दुर्गा वाहिनी सोजत के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में महिला-पुरुषों ने भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat