सोजत न्यायालय के चारों न्यायिक अधिकारियों को भावभीनी विदाई

सोजत न्यायालय के चारों न्यायिक अधिकारियों को भावभीनी विदाई

May 16, 2026 - 14:49
 0  79
सोजत न्यायालय के चारों न्यायिक अधिकारियों को भावभीनी विदाई

सोजत, 16 मई। सोजत न्यायालय में कार्यरत चारों न्यायिक अधिकारियों के अन्यत्र स्थानांतरण पर बार एसोसिएशन सोजत की ओर से सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया। समारोह में न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच वर्षों से बने सौहार्दपूर्ण संबंधों की झलक देखने को मिली।

बार एसोसिएशन सोजत अध्यक्ष देवेंद्र व्यास के नेतृत्व में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार गढ़वाल, एसीजेएम साधना सिंह, न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवदान चौधरी एवं अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुराधा दाधीच का साफा, माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम का संचालन अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी ने किया।

अपने संबोधन में अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश कुमार गढ़वाल ने कहा कि न्यायालय केवल कानून की प्रक्रिया का स्थान नहीं, बल्कि आमजन के विश्वास का केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि सोजत में बार एवं बैंच के बीच सदैव सकारात्मक समन्वय रहा, जिससे न्यायिक कार्यों के संचालन में सहजता बनी रही।

एसीजेएम साधना सिंह ने सोजत में मिले सहयोग और आत्मीयता को सदैव स्मरणीय बताया। न्यायिक मजिस्ट्रेट शिवदान चौधरी ने अधिवक्ताओं के सहयोग को न्यायिक कार्यप्रणाली की मजबूती बताया, वहीं अतिरिक्त न्यायिक मजिस्ट्रेट अनुराधा दाधीच ने कहा कि सम्मान और संवाद की भावना न्याय व्यवस्था को अधिक संवेदनशील बनाती है।

समारोह में वरिष्ठ अधिवक्ता आनंद भाटी, भवानी सिंह एवं सुरेंद्र वैष्णव ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए सभी न्यायिक अधिकारियों की कार्यशैली, समयबद्ध निर्णय एवं सौम्य व्यवहार की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि अधिकारियों ने अपने कार्यकाल में निष्पक्ष एवं पारदर्शी न्यायिक व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए न्यायालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, न्यायिक कर्मचारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। पूरे आयोजन का वातावरण आत्मीयता, सम्मान और भावुक विदाई के भावों से ओतप्रोत रहा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat