सोजत मेहंदी नगरी शिवमय, महाशिवरात्रि पर आम घांची समाज की भव्य शोभायात्रा निकली

Feb 15, 2026 - 22:01
Feb 15, 2026 - 22:01
 0  20
सोजत मेहंदी नगरी  शिवमय, महाशिवरात्रि पर आम घांची समाज की भव्य शोभायात्रा निकली
सोजत मेहंदी नगरी  शिवमय, महाशिवरात्रि पर आम घांची समाज की भव्य शोभायात्रा निकली

सोजत। मेहंदी नगरी  में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर पूरा शहर शिवमय नजर आया। आम घांची समाज द्वारा परंपरागत रूप से निकाली जाने वाली भव्य शोभायात्रा इस वर्ष भी आस्था, उत्साह और भक्ति के अद्भुत संगम के साथ सम्पन्न हुई।

सुबह से ही शहर के विभिन्न मोहल्लों में तैयारियों का दौर शुरू हो गया था। पारंपरिक वेशभूषा में सजे श्रद्धालु, आकर्षक झांकियां और भक्तिमय वातावरण ने पूरे शहर को आध्यात्मिक रंग में रंग दिया। बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी भोलेनाथ की भक्ति में लीन दिखाई दिए।

शोभायात्रा की विशेष आकर्षण मनमोहक झांकियां रहीं। शिव तांडव, अघोरी स्वरूप, श्रीराम लला, श्रीराधा-कृष्ण और वीर हनुमान की झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। भगवान शिव-पार्वती परिवार की सजीव झांकी पूरे मार्ग में आकर्षण का केंद्र बनी रही, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।

भव्य यात्रा नवचौकिया पांच मोहल्ला भवन से प्रारंभ होकर जोधपुरिया दरवाजा, पाली दरवाजा, मुख्य बाजार, मालियों की हवेली और पावटी का बास होते हुए घांचियों की प्याऊ स्थित पूरणेश्वर धाम पहुंची। मार्ग में जगह-जगह पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया तथा गुलाल उड़ाकर श्रद्धालुओं ने उत्सव का आनंद लिया।

पूरणेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत पूजन-अर्चन किया गया तथा श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया। शोभायात्रा के दौरान नासिक से आई ढोल पार्टी की गूंज और डीजे पर बजती भक्तिमय धुनों ने माहौल को और भी ऊर्जावान बना दिया। सबसे आगे सजे-धजे ऊंट, उनके पीछे बैंड-बाजे तथा पुरुषों व महिलाओं की अलग-अलग गैर में छतरियों व डांडियों के साथ पारंपरिक नृत्य आकर्षण का केंद्र रहा।

धान मंडी चौराहे पर सोजत व्यापार मंडल द्वारा शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं के लिए ठंडाई का प्रसाद भी वितरित किया गया।

महाशिवरात्रि पर निकली इस भव्य शोभायात्रा ने एक बार फिर सोजत की धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपरा की सशक्त मिसाल पेश की।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat