सोजत में लिखमीदास जी महाराज जयंती पर निकली भव्य शोभायात्रा, श्रद्धालुओं का उमड़ा जनसैलाब
ऊंट-घोड़े, झांकियां और कलश यात्रा बनी आकर्षण का केंद्र, लिखमीदास जी महाराज जयंती धूमधाम से मनाई
सोजत सिटी, 29 जुलाई। माली समाज के आराध्य देव संत शिरोमणि श्री लिखमीदास जी महाराज की जयंती पर बुधवार को सोजत शहर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा नजर आया। जयंती महोत्सव के तहत निकाली गई भव्य शोभायात्रा में समाज के सैकड़ों महिला-पुरुष, युवा एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। पूरे शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक वातावरण देखने को मिला।
जयंती समारोह के तहत मंगलवार रात्रि को विशाल भजन संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भजन गायक नरेश राव एवं ज्योति शर्मा ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया, वहीं नृत्य कलाकारों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने देर रात तक समां बांधे रखा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भजन संध्या में उपस्थित रहे।
बुधवार प्रातः शोभायात्रा का शुभारंभ श्री लिखमीदास जी महाराज मंदिर, मेला चौक से हुआ। शोभायात्रा में सुसज्जित झांकियां, ऊंट-घोड़े, बैंड-बाजे, डीजे विरागना वाहिनी, मां दुर्गा शक्ति पाली तथा पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों पर नृत्य करते हुए शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई।
शोभायात्रा मेला चौक से प्रारंभ होकर एसडीएम कार्यालय, मुख्य बाजार सहित विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए जैतारणिया गेट स्थित माली समाज भवन पहुंची। मार्ग में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं श्रद्धालुओं द्वारा पुष्पवर्षा कर शोभायात्रा का स्वागत किया गया।
कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठजन एवं माली समाज के अध्यक्ष चंपालाल सांखला, माली समाज के चौधरी गोर्धनलाल गहलोत, ताराचंद सैनी, देवीलाल सांखला, लुंबाराम सांखला एवं गणपत पालरिया सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
माली समाज भवन पहुंचने पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। आयोजन के सफल संपादन पर समाज के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने सभी समाज बंधुओं, सहयोगकर्ताओं एवं श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?
Like
2
Dislike
0
Love
1
Funny
1
Angry
0
Sad
1
Wow
0