मां और बेटी गांव में गोंद बेचने आई,बच्चा चोरी करने वाले समझकर कर पीटा ,वीडियो तेजी से वायरल

Feb 25, 2026 - 09:19
 0  282

सोजत। बगड़ी थाना क्षेत्र के सिंचियावास गांव में बच्चा चोरी के शक में एक महिला और उसकी बेटी के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई है। बताया जा रहा है कि दो से तीन दिन पुराना यह वीडियो गांव में उस समय का है जब गोंद बेचने आई महिला को ग्रामीणों ने बच्चा चोर गैंग का सदस्य समझ लिया।

जानकारी के अनुसार, महिला अपनी बेटी के साथ गांव में गोंद बेचने आई थी। इसी दौरान कुछ लोगों ने उस पर बच्चा चोरी का संदेह जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई और महिला पर लाठियों से हमला कर दिया। बीच-बचाव के बजाय कुछ लोग मारपीट करते रहे, जिसका वीडियो किसी ने बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया।

मारपीट में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे सोजत के राजकीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर उच्च केंद्र के लिए रेफर किया गया। बेटी को भी चोटें आई हैं।

पुलिस के अनुसार मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि वीडियो के आधार पर पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अफवाह या शक के आधार पर कानून हाथ में न लें और संदिग्ध स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचना दें।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 2
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 2
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat