रसोई में हुई छोटी सी चूक, गर्म तेल गिरने से एक वर्षीय मासूम 20 प्रतिशत झुलसा

खेलते-खेलते रसोई पहुंचा बच्चा, गर्म तेल गिरने से सीना और हाथ झुलसा, पाली रेफर

Jun 5, 2026 - 06:08
 0  137
रसोई में हुई छोटी सी चूक, गर्म तेल गिरने से एक वर्षीय मासूम 20 प्रतिशत झुलसा

सोजत। रसोई में हुई एक छोटी सी असावधानी एक वर्षीय मासूम के लिए दर्दनाक हादसे का कारण बन गई। गर्म तेल से भरी कढ़ाई गिरने से बच्चा गंभीर रूप से झुलस गया। घटना के बाद परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और बच्चे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।

जानकारी के अनुसार सोजत निवासी करण सांखला की पत्नी बुधवार शाम खाना बनाने के बाद अपनी बेटी के लिए चिप्स तैयार कर रही थीं। उन्होंने फर्श पर रखे गैस चूल्हे पर तेल गर्म होने के लिए कढ़ाई रखी और चिप्स लेने दूसरे कमरे में चली गईं। इसी दौरान उनका एक वर्षीय पुत्र ऋषि खेलते-खेलते रसोई में पहुंच गया। बच्चे ने गैस चूल्हे पर रखी कढ़ाई पकड़ ली, जिससे गर्म तेल उसके सीने और बाएं हाथ पर गिर गया।

हादसे में मासूम करीब 20 प्रतिशत तक झुलस गया। परिजन उसे तुरंत सोजत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गुरुवार सुबह उसे पाली के बांगड़ अस्पताल रेफर किया गया।

चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की हालत फिलहाल स्थिर है। हालांकि शरीर का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा झुलसने के कारण उसे पूरी तरह स्वस्थ होने में करीब दो सप्ताह का समय लग सकता है।

सावधानी ही सुरक्षा: विशेषज्ञों का कहना है कि रसोई में गर्म तेल, उबलता पानी या अन्य गर्म वस्तुओं को बच्चों की पहुंच से दूर रखना चाहिए तथा खाना बनाते समय बच्चों पर विशेष निगरानी रखनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 1
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat