बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल में गांधी जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा, बच्चों की फैंसी ड्रेस ने मोहा मन

सोजत सिटी: बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल में सर्वधर्म प्रार्थना सभा आयोजित, फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता रही आकर्षण का केंद्र

Oct 2, 2026 - 16:05
 0  53
बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल में गांधी जयंती पर सर्वधर्म प्रार्थना सभा, बच्चों की फैंसी ड्रेस ने मोहा मन

सोजत सिटी। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को बिड़ला इंटरनेशनल स्कूल, सोजत सिटी में सर्वधर्म प्रार्थना सभा एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के निदेशक मदन गहलोत, मैनेजर डॉ. सुमित गहलोत, प्रिंसिपल नीलू राठौड़, वाइस प्रिंसिपल रुचि परिहार, शिक्षकगण, विद्यार्थी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अनिल शर्मा द्वारा प्रातः स्मरण तथा महेश चौहान एवं स्कूल ग्रुप द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना “हे शारदे माँ” से हुआ। इसके बाद सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से गुरु वंदना एवं गांधीजी की प्रिय रामधुन “रघुपति राघव राजा राम” का गायन किया।

सर्वधर्म प्रार्थना सभा में विभिन्न धर्मों की प्रार्थनाओं का प्रस्तुतीकरण कर राष्ट्रीय एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया। ईसाई धर्म की प्रार्थना नव्या एवं प्रियंवश ने प्रस्तुत की, जैन धर्म का नवकार मंत्र गौरव, दिव्यांश, जानवी एवं तनु ने सुनाया। इस्लाम धर्म की ‘अल फातिहा’ का वाचन मोहम्मद अनिश एवं रुस्तम खान ने किया, जबकि सिख धर्म की प्रार्थना ‘एक ओंकार’ साहिल हीरानी, मेघना, तनिष्का एवं मौलिक ने प्रस्तुत की। वहीं सनातन धर्म की श्रीराम स्तुति का सामूहिक गायन शिक्षकों द्वारा किया गया।

सभा के अंत में सभी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि स्वरूप एक मिनट का मौन रखा। इसके पश्चात “वी शैल ओवरकम” एवं “तू ही राम है, तू ही रहीम” भजन का सामूहिक गायन किया गया। शांति पाठ के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

इस अवसर पर आयोजित फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में पूर्व-प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने अपनी आकर्षक एवं रचनात्मक वेशभूषा से सभी का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में लक्ष्मी माता, रोबोट, वाटर साइकिल, नारियल, यातायात नियम, श्रीगणेश, मिल्कमैन, महात्मा गांधी, श्याम बाबा सहित विभिन्न स्वरूपों में सजे बच्चों ने अपनी प्रस्तुति से दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। बच्चों की प्रतिभा और नवाचार को देखकर अभिभावक भी प्रभावित नजर आए।

कार्यक्रम का सफल संचालन रुचि परिहार एवं रामलाल ने किया। विद्यालय प्रबंधन ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए गांधीजी एवं शास्त्रीजी के आदर्शों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat