सोजत में शांति समिति की बैठक, होली व रमजान को लेकर सुरक्षा व्यवस्थाओं पर चर्चा
सोजत। आगामी त्योहारों के मद्देनजर में अमन-चैन और भाईचारा बनाए रखने के उद्देश्य से शुक्रवार को पुलिस चौकी में शांति एवं सद्भावना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में 2 मार्च को होलिका दहन, 3 मार्च को बादशाह , 4 मार्च को धुलंडी (होली) तथा पवित्र रमजान माह के दौरान आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीएम मानसिंगा राम जांगीड़, एडिशनल एसपी नरेंद्र सिंह देवड़ा, सीईओ रतना राम देवासी, पुलिस थाना अधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़, तहसीलदार डॉ. दिलीप सिंह तथा ईओ अचल सिंह गुजर ने कहा कि सोजत की परंपरा प्रेम, सौहार्द और मिलजुलकर त्योहार मनाने की रही है। उन्होंने सभी समुदायों से पारंपरिक उत्साह और आपसी सद्भावना के साथ पर्व मनाने की अपील की।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भ्रामक खबरें फैलाने और शांति भंग करने वालों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। नशे की प्रवृत्ति के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जाएगा। त्योहारों के दौरान संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा और गश्त बढ़ाई जाएगी।
समिति सदस्यों ने शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने, चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने तथा नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने के सुझाव दिए। सदस्यों ने प्रशासन को आश्वस्त किया कि सभी समुदाय मिलकर सहयोग करेंगे ताकि त्योहारों की खुशियों में किसी प्रकार का व्यवधान न आए।
बैठक में मदन गहलोत (बिरला स्कूल), मनीष राठी, मोहन लाल, अर्जुन, दिनेश चौधरी, असलम मेहर, पावटी बास के चौधरी ताराचंद सैनी, नयापुरा के चौधरी देवीलाल सांखला, कन्हैयालाल गुप्ता सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
1
Angry
0
Sad
1
Wow
0