सेजल माता की महाआरती के साथ सोजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ, भक्ति और शक्ति के संगम से भक्तिमय हुआ माहौल
सोजत महोत्सव का आगाज: मां सेजल का मनमोहक श्रृंगार, भजन संध्या और आतिशबाजी ने बांधा समां
सोजत। नगर की अधिष्ठात्री देवी मां सेजल के मंदिर में महाआरती के साथ सोजत महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। धार्मिक आस्था, भक्ति और उत्साह से सराबोर माहौल में श्रद्धालुओं ने मां सेजल के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर मंदिर परिसर में आकर्षक सजावट, भजन संध्या और आतिशबाजी ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
कार्यक्रम में पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे ने कहा कि भक्ति एवं शक्ति का संगम सनातन धर्म की अत्यंत प्राचीन परंपरा है। सोजत एक अति प्राचीन नगरी है, जिसका गौरवशाली इतिहास और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत रही है। नगर की अधिष्ठात्री देवी मां सेजल अपने भक्तों को वरदान और समृद्धि प्रदान करती हैं। उन्होंने कहा कि मां सेजल की महाआरती के साथ सोजत महोत्सव का शुभारंभ गौरवशाली परंपरा का प्रतीक है।
नगर पालिका अध्यक्ष कीर्ति राजेश तंवर ने नवरात्रि के नौ दिनों तक मां सेजल के आगमन और विशेष पूजा-अर्चना को शहर के लिए सुखद एवं मंगलकारी बताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को सहेजने के साथ ही समाज में आस्था और एकता की भावना को मजबूत करते हैं।
विधि-विधान से किया मां सेजल का श्रृंगार
महाआरती के लाभार्थी लखावत परिवार की ओर से निधि अनोपसिंह लखावत ने विधि-विधान से मां सेजल की पूजा-अर्चना की। इसके बाद नवीन वस्त्रों एवं गुलाब के पुष्पों से मां का मनमोहक श्रृंगार किया गया। महादेव परिवार का भी आकर्षक श्रृंगार किया गया। महाआरती के दौरान श्रद्धालुओं ने जयकारों के साथ मां सेजल के प्रति अपनी आस्था प्रकट की।
भजनों और आतिशबाजी ने बांधा समां
महाआरती के बाद अतिथियों का बहुमान किया गया। इसके पश्चात दिनेश टाक एंड पार्टी ने मनमोहक भजनों की प्रस्तुतियां देकर श्रद्धालुओं को भक्तिरस से सराबोर कर दिया। वहीं सेजल कन्याओं ने आकर्षक रम्मत और भजनों की प्रस्तुति दी। रंग-बिरंगी आतिशबाजी ने आयोजन की भव्यता में चार चांद लगा दिए।
ये रहे उपस्थित
इस अवसर पर पुजारी आनंद कश्यप, सेजल माता मंडल अध्यक्ष भीकाराम प्रजापत, नगर पालिका उपाध्यक्ष राकेश पंवार, सोजत महोत्सव समिति के मार्गदर्शक लालचंद मोयल, सुरेश ओझा, राजेश तंवर, समिति अध्यक्ष एवं पार्षद जोगेश जोशी, सचिव चेतन व्यास, पुष्पत राज मुणोत, ताराचंद सैनी, श्यामलाल व्यास, चुन्नीलाल बोस, हितेंद्र व्यास, रामस्वरूप भटनागर, सुरेश पलोड़, पंकज त्रिवेदी, प्रफुल्ल ओझा, हीरालाल कांठेर, सत्तु सिंह भाटी, रामअवतार भाटी ,राकेश देवड़ा, गोरधनलाल गहलोत, अशोक सैन, प्रकाश सोनी, भवानीशंकर जांगिड़, जवरीलाल बौराणा सहित पार्षदगण एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0