राज्य स्तरीय बॉक्सिंग में हिमांशु देवड़ा ने जीता कांस्य पदक, सोजत पहुंचने पर ढोल-धमाकों से हुआ भव्य स्वागत
नेहड़ा बेरा के हिमांशु देवड़ा ने बढ़ाया क्षेत्र का मान, 70वीं राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
सोजत/नेहड़ा बेरा। ग्रामीण परिवेश में रहकर सीमित संसाधनों के बीच कड़ी मेहनत और लगन से सफलता हासिल करने वाले नेहड़ा बेरा के प्रतिभावान छात्र हिमांशु देवड़ा ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है। 70वीं राज्य स्तरीय बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिमांशु ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 46 किलोग्राम भार वर्ग में चार बाउट जीतकर कांस्य पदक अपने नाम किया। प्रतियोगिता का आयोजन अजमेर जिले के सरवाड़ में हुआ, जहां हिमांशु ने प्रदेश स्तर पर तीसरा स्थान हासिल किया।
हिमांशु राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेहड़ा बेरा का छात्र है। साधारण किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले हिमांशु के पिता राजू देवड़ा सीमित संसाधनों के बीच परिवार का भरण-पोषण करने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। पिता के संघर्षों को प्रेरणा बनाकर हिमांशु ने बॉक्सिंग के प्रति अपनी लगन, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालय में अध्ययन करते हुए राज्य स्तर पर पदक जीतना उसकी मेहनत और प्रतिभा का परिचायक है।
सोजत पहुंचने पर पारंपरिक तरीके से किया स्वागत
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर सोजत सिटी पहुंचे हिमांशु देवड़ा का क्षेत्रवासियों ने राजस्थानी परंपरा के अनुसार ढोल-धमाकों के साथ भव्य स्वागत किया। इस दौरान साफा पहनाकर एवं माल्यार्पण कर उसका अभिनंदन किया गया। हिमांशु की उपलब्धि से विद्यालय परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर धनपतराज टांक, कोच कुशाग्र गहलोत, चंद्रशेखर देवड़ा, मनीष शर्मा, सम्पतराज, श्याम त्रिवेदी, देवाराम परिहार, ज्ञानेंद्र गहलोत, नरपत सिंह दहिया, डॉ. महेश सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने हिमांशु की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0