सोजत में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

राजपोल गेट के पास पूजा शूज स्टोर में हादसा, दमकल की मशक्कत से टला बड़ा नुकसान

May 17, 2026 - 09:28
 0  212
सोजत में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

सोजत, 17 मई। शहर के राजपोल गेट क्षेत्र में रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब पूजा शूज स्टोर में अचानक शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते दुकान में रखा जूते-चप्पलों सहित अन्य सामान धू-धू कर जलने लगा। हादसे में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही नगर पालिका की दमकल टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि दुकान की दीवारें और पत्थर तक टूटकर गिरने लगे। आसपास के व्यापारियों और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने क्षेत्र को खाली करवाया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुकान से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया, जिसके बाद आग की लपटें तेजी से फैल गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की मेहनत के बाद आग को आसपास की दुकानों तक फैलने से रोका, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। हालांकि प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

What's Your Reaction?

Like Like 1
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 1
Angry Angry 0
Sad Sad 1
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat