11 अक्टूबर से शुरू होगा सोजत महोत्सव, सेजल माता मंदिर में महाआरती के साथ होगा शुभारंभ
नगर पालिका की मुख्य भूमिका के साथ होगा सोजत महोत्सव, विभिन्न संस्थाओं ने दिए सुझाव
सोजत सिटी। स्थानीय बस स्टैंड स्थित उम्मेद गौशाला में सोजत महोत्सव समिति की बैठक का आयोजन चैयरमेन प्रतिनिधि राजेश तंवर के मुख्य आतिथ्य, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा की अध्यक्षता तथा संयोजक अनोप सिंह लखावत, पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल एवं पालिका उपाध्यक्ष राकेश पंवार के विशिष्ट आतिथ्य में संपन्न हुआ।
बैठक में महोत्सव समिति के इवेंट एक्सपर्ट पुष्पतराज मुणोत ने आयोजन को लेकर विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए, जिनका उपस्थित सदस्यों ने अनुमोदन किया। महोत्सव समिति अध्यक्ष एवं पार्षद जोगेश जोशी ने प्रतिवर्ष होने वाले आयोजन में नगर पालिका की मुख्य भूमिका रखने का सुझाव दिया, जिसका पार्षद ओमप्रकाश चौहान (गुरु), सुधीर दवे, राकेश देवड़ा, नरेश सोनी सहित वरिष्ठ नागरिक समिति, पेंशनर समाज, अभिनव कला मंच, सोजत सेवा मंडल, भारत विकास परिषद एवं अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने समर्थन किया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि 11 अक्टूबर को शारदीय नवरात्रि के अवसर पर सेजल माता मंदिर में भव्य महाआरती के साथ सोजत महोत्सव का शुभारंभ किया जाएगा। इसके अलावा सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद प्रतियोगिताएं, ऐतिहासिक दुर्ग पर लाइट एंड साउंड शो, आकर्षक आतिशबाजी तथा अन्य विविध आयोजन भी किए जाएंगे।
बैठक के दौरान सत्यनारायण गोयल, चेतन व्यास, महेंद्र मेहता, हितेंद्र व्यास, ताराचंद सैनी एवं सत्तु सिंह भाटी ने भी महोत्सव को सफल एवं आकर्षक बनाने के लिए अपने उपयोगी सुझाव प्रस्तुत किए।
इस अवसर पर अशोक सैन, चुन्नीलाल बोस, रसीद गौरी, जवरीलाल बौराणा, महेंद्र सिंह राव, अकरम खान, मनोज कुमार, दीपक सिंह राजपुरोहित सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक के समापन के बाद उपस्थित सदस्यों ने प्रस्तावित आयोजन स्थलों एवं ऐतिहासिक दुर्ग का अवलोकन किया। वहीं उम्मेद गौशाला सचिव पुष्पतराज मुणोत एवं सदस्य अनोप सिंह लखावत ने गौशाला की ओर से नव-निर्वाचित पार्षदों का स्वागत एवं सम्मान किया।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0