अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, वरिष्ठ नागरिकों को बताए कानूनी अधिकार

भरण-पोषण, संपत्ति संरक्षण और कानूनी सुरक्षा पर चर्चा, वृद्धजनों को अधिकारों के प्रति किया जागरूक

Oct 1, 2026 - 17:32
Oct 1, 2026 - 17:33
 0  17
अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर विधिक जागरूकता शिविर आयोजित, वरिष्ठ नागरिकों को बताए कानूनी अधिकार

सोजत सिटी। अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशानुसार तालुका विधिक सेवा समिति सोजत एवं पेंशनर समाज सोजत के संयुक्त तत्वावधान में गुरुवार को स्थानीय पेंशनर समाज भवन में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में पेंशनर समाज अध्यक्ष लालचंद मोयल ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की अनमोल धरोहर हैं। उनके अनुभव और ज्ञान से युवा पीढ़ी को जीवन की महत्वपूर्ण सीख मिलती है। उन्होंने बताया कि संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा बुजुर्गों के सम्मान और उनके प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 1 अक्टूबर को अन्तर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस मनाया जाता है।

शिविर में पैनल अधिवक्ता अशोक गहलोत ने वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज का दायित्व है कि वह बुजुर्गों को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण प्रदान करे। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, विभिन्न कानूनों तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध कराई जाने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता एवं सलाह की जानकारी दी।

गहलोत ने माता-पिता एवं वरिष्ठ नागरिकों का भरण-पोषण तथा कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि इस कानून के तहत वरिष्ठ नागरिक अपने भरण-पोषण का दावा कर सकते हैं। साथ ही संपत्ति हस्तांतरण रद्द कराने, परिजनों द्वारा उपेक्षा या परित्याग की स्थिति में कानूनी संरक्षण तथा सरकार द्वारा संचालित वृद्धाश्रमों की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।

वरिष्ठ अधिवक्ता ईश्वरदास पुरुषवाणी ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों एवं विभिन्न कानूनी हकदारियों पर प्रकाश डाला। वहीं रामस्वरूप भटनागर ने उपस्थित वृद्धजनों से अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। पीएलवी सांवलप्रभात व्यास ने नालसा की लीगल एड हेल्पलाइन 15100 के बारे में जानकारी देते हुए जरूरतमंद लोगों से इसका लाभ उठाने की अपील की।

ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में रविन्द्र भटनागर, सत्तुसिंह भाटी, अब्दुल समद राही, नवनीत राय ‘रुचिर’, अशोक सेन, डॉ. रशीद गौरी, शंकरलाल पारीख, चेतन व्यास, जुगलकिशोर दवे, लक्ष्मण पालड़िया, शिवलाल जोशी, महेन्द्र माथुर, मोहम्मद यासीन सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।

शिविर में दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

विधिक जागरूकता शिविर में वरिष्ठ नागरिकों को उनके मौलिक अधिकारों, कर्तव्यों, निःशुल्क विधिक सहायता योजना, लोक अदालतों के माध्यम से त्वरित न्याय प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा वरिष्ठ नागरिक कल्याण संबंधी विभिन्न कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। साथ ही भरण-पोषण के अधिकार, ट्रिब्यूनल द्वारा निर्धारित मासिक भत्ते, संपत्ति संरक्षण एवं वरिष्ठ नागरिकों के हितों से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat