सोजत कॉलेज नीलामी विवाद पर एबीवीपी का आंदोलन, प्रशासन ने 7 दिन में समाधान का दिया आश्वासन
कॉलेज नीलामी आदेश के विरोध में छात्रों की तालाबंदी, एबीवीपी ने चेताया—समाधान नहीं हुआ तो होगा बड़ा आंदोलन
सोजत। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) द्वारा बुधवार को राजकीय महाविद्यालय सोजत में कॉलेज नीलामी आदेश एवं प्राचार्य स्तर पर बरती गई कथित लापरवाही के विरोध में शांतिपूर्ण आंदोलन किया गया। आंदोलन के दौरान छात्र-छात्राओं एवं कार्यकर्ताओं ने प्राचार्य की कुर्सी बाहर लाकर महाविद्यालय के मुख्य द्वार पर तालाबंदी कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन एवं सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की तथा छात्रों के हितों की अनदेखी का आरोप लगाया। परिषद पदाधिकारियों ने कहा कि महाविद्यालय की नीलामी जैसे गंभीर विषय पर समय रहते उचित कार्रवाई नहीं की गई, जिससे छात्रों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
आंदोलन के बाद छात्र प्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं सरकार के प्रतिनिधियों के बीच वार्ता हुई। वार्ता के दौरान कार्यवाहक प्राचार्य सुभाष नवल को हटाकर स्थाई प्राचार्य श्री अनिल रामावत को नियुक्त किए जाने की घोषणा की गई, जिसे परिषद ने आंदोलन की बड़ी जीत बताया।
साथ ही प्रशासन एवं सरकार के प्रतिनिधियों ने आश्वासन दिया कि आगामी 7 दिनों के भीतर मामले में त्वरित कार्रवाई कर समाधान निकाला जाएगा। छात्रों एवं प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा भविष्य में इस प्रकार की स्थिति उत्पन्न नहीं हो, इसके लिए सूचना आदान-प्रदान की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने पर भी सहमति बनी।
एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि तय समयावधि में समाधान नहीं हुआ अथवा किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो परिषद संपूर्ण छात्रशक्ति के साथ व्यापक स्तर पर आंदोलन करेगी।
What's Your Reaction?
Like
4
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0