प्रो. रमन कुमार दवे बने मत्स्य विश्वविद्यालय के नए कुलगुरु, श्रीमाली ब्राह्मण समाज में खुशी की लहर

Apr 2, 2026 - 11:04
Apr 2, 2026 - 11:06
 0  12
प्रो. रमन कुमार दवे बने मत्स्य विश्वविद्यालय के नए कुलगुरु, श्रीमाली ब्राह्मण समाज में खुशी की लहर

सोजत/जोधपुर। श्रीमाली ब्राह्मण समाज के गौरव एवं जोधपुर के प्रतिष्ठित शिक्षाविद् प्रो. डॉ. रमन कुमार दवे को राज ऋषि भर्तृहरि मत्स्य विश्वविद्यालय का नया कुलगुरु नियुक्त किए जाने पर समाज में हर्ष का माहौल है। उनकी इस उपलब्धि पर मेहंदी नगरी सोजत सहित विभिन्न स्थानों से उन्हें बधाइयों का तांता लगा हुआ है।

राज्यपाल एवं कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े द्वारा प्रो. दवे को विश्वविद्यालय का 9वां कुलगुरु नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वे बीएम कॉलेज, जोधपुर के निदेशक पद पर कार्यरत हैं। इससे पूर्व वे जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय में वाणिज्य संकाय के अधिष्ठाता एवं बीएफई विभागाध्यक्ष जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

नियुक्ति आदेश के अनुसार प्रो. दवे कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से तीन वर्ष या 70 वर्ष की आयु (जो भी पहले हो) तक इस पद पर बने रहेंगे।

उनकी नियुक्ति पर सोजत से पूर्व कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण दवे, अभिनव कला मंच सचिव चेतन व्यास, वरिष्ठ नागरिक समिति अध्यक्ष सुरेश ओझा, अपर लोक अभियोजक पंकज त्रिवेदी, महालक्ष्मी ट्रस्ट अध्यक्ष रमेश व्यास सहित अनेक गणमान्य लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।

दूरभाष पर बातचीत में प्रो. दवे ने अपने विजन को साझा करते हुए बताया कि उनकी पहली प्राथमिकता विश्वविद्यालय के शैक्षणिक कैलेंडर को नियमित करना होगी। उन्होंने कहा कि परीक्षाएं समय पर आयोजित हों और परिणाम में देरी न हो, इसके लिए सख्त मॉनिटरिंग की जाएगी।

उन्होंने आगे बताया कि परीक्षा प्रक्रिया को तकनीकी रूप से मजबूत किया जाएगा तथा मूल्यांकन और परिणाम की प्रत्येक प्रक्रिया के लिए तय समयसीमा लागू की जाएगी। साथ ही पारदर्शिता बनाए रखते हुए छात्रों और शिक्षकों से नियमित संवाद स्थापित किया जाएगा, ताकि समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat