सोजत में हाईवे बायपास की मांग तेज, “सोजत बचाओ संघर्ष समिति” ने सौंपा ज्ञापन
सोजत। शहर से गुजर रहे नेशनल हाईवे 162 और स्टेट हाईवे 58 को शहरी आबादी क्षेत्र से बाहर बायपास से निकालने तथा सोजत में रिंग रोड को स्वीकृति देने की मांग को लेकर सोमवार को सोजत बचाओ संघर्ष समिति ने केंद्र व राज्य सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन उपखण्ड अधिकारी सोजत के माध्यम से केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री Nitin Gadkari तथा राजस्थान के मुख्यमंत्री Bhajanlal Sharma को प्रेषित किया गया।
ज्ञापन में बताया गया कि हाल ही में राजस्थान हाईकोर्ट के आदेशों के बाद राष्ट्रीय व राज्य राजमार्गों के 75 मीटर दायरे में आने वाले निर्माणों को हटाने की कार्रवाई शुरू की जा रही है। समिति का कहना है कि यदि यह आदेश वर्तमान स्थिति में लागू किया गया तो सोजत शहर का लगभग 60 प्रतिशत हिस्सा प्रभावित हो सकता है, जिसमें धार्मिक स्थल, सरकारी भवन, शैक्षणिक संस्थान, अस्पताल, व्यापारिक प्रतिष्ठान और आमजन के मकान-दुकान शामिल हैं।
समिति ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण द्वारा नोटिस जारी करने की प्रक्रिया में भी कई त्रुटियाँ हैं। नोटिस की तिथि, क्षेत्र, किलोमीटर व राजमार्ग संख्या सहित कई जानकारियाँ गलत बताई गई हैं तथा मौके पर संपत्ति स्वामियों की मौजूदगी में सही तरीके से माप-जांच भी नहीं की गई है।
ज्ञापन में यह भी बताया गया कि पूर्व में फोरलेन परियोजना के दौरान भूमि अधिग्रहण कर मुआवजा दिया जा चुका है और उस समय यह आश्वासन दिया गया था कि भविष्य में शहर के मास्टर प्लान के अनुसार हाईवे को आबादी क्षेत्र से लगभग 4 किलोमीटर दूर बायपास के रूप में निकाला जाएगा।
सोजत बचाओ संघर्ष समिति ने मांग की है कि नेशनल हाईवे 162 और स्टेट हाईवे 58 को शहर से बाहर बायपास बनाकर निकाला जाए तथा सोजत में रिंग रोड को स्वीकृति दी जाए। समिति ने चेतावनी दी कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो अगले चरण में व्यापक जन आंदोलन किया जाएगा।ज्ञापन पर विभिन्न संगठनों व 36 कौम के लोग उपस्थित रहे
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0