सोजत सिटी में सजी रामकथा की भव्य प्रस्तुति, प्रथम दिन दशरथ यज्ञ व श्रीराम जन्म का मंचन

काशी के कलाकारों ने जीवंत किया रामचरित, रामलीला महोत्सव में उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब

Oct 1, 2026 - 07:30
 0  51
सोजत सिटी में सजी रामकथा की भव्य प्रस्तुति, प्रथम दिन दशरथ यज्ञ व श्रीराम जन्म का मंचन

सोजत सिटी। मोतीचंद सेठिया आदर्श विद्या मंदिर, चांदपोल गेट के बाहर आयोजित ऐतिहासिक श्री रामलीला महोत्सव का शुभारंभ मंगलवार को भक्ति एवं उत्साह के साथ हुआ। यह महोत्सव 30 सितंबर से 9 अक्टूबर 2026 तक प्रतिदिन रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक आयोजित किया जाएगा। भारत के प्रसिद्ध धर्म प्रचारक रामलीला मंडल काशी के 25 कलाकारों द्वारा धर्मनगरी सोजत सिटी की पावन धरा पर रामकथा का जीवंत मंचन किया जा रहा है।

महोत्सव के प्रथम दिन दशरथ पुत्र प्राप्ति यज्ञ एवं प्रभु श्रीराम जन्म की लीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। जैसे ही मंच पर भगवान श्रीराम का जन्म हुआ, पूरा पंडाल जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा। प्रथम दिन की आकर्षक झांकियों और कलाकारों के जीवंत अभिनय ने दर्शकों का मन मोह लिया। रामलीला देखने के लिए सैकड़ों श्रद्धालु एवं नगरवासी पहुंचे, जिससे आयोजन स्थल पर जनसैलाब उमड़ पड़ा।

कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि दीप सिंह राजावत, आदर्श विद्या मंदिर के प्राचार्य, ताराचंद टाक, राजकुमार चौधरी, नवनीत राय ‘रुचिर’ सहित नगर के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर हनुमानजी महाराज के ध्वज का पूजन किया तथा दीप प्रज्वलित कर रामलीला महोत्सव का शुभारंभ कराया।

वक्ताओं ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, आदर्शों और संस्कारों का जीवंत संदेश है। उन्होंने नगरवासियों से परिवार सहित रामलीला का धर्मलाभ लेने तथा बच्चों को भी रामकथा से जोड़ने का आह्वान किया, जिससे उनमें नैतिक एवं सांस्कृतिक संस्कार विकसित हो सकें।

आयोजन समिति के अनुसार बुधवार रात्रि को मुनि विश्वामित्र आगमन, ताड़का वध, मारीच-सुबाहु वध का मंचन किया जाएगा। वहीं आगामी विशेष प्रस्तुति में सीता स्वयंवर, जनक प्रतिज्ञा, रावण-बाणासुर संवाद, जनक विलाप, लक्ष्मण क्रोध, भगवान श्रीराम द्वारा शिव धनुष भंग तथा सीता जी की वरमाला जैसे रोमांचक एवं भक्तिमय प्रसंगों का मंचन होगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat