सवराड़ में रात्रि चौपाल आयोजित, जनसुनवाई में समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
सोजत रोड के समीप सवराड़ गांव स्थित अटल सेवा केंद्र में रात्रि चौपाल के तहत जनसुनवाई का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी महावीर सिंह जोधा ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, अतिक्रमण, आबादी विस्तार, सड़क, नदी सीमांकन सहित विभिन्न मुद्दे रखे। जलदाय विभाग से जुड़ी समस्याओं में जल आपूर्ति कर्मचारियों को हटाने, लीकेज दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए। वहीं बिजली विभाग को ढीले तारों को ठीक करने व नए पोल लगाने के आदेश दिए गए। सवराड़ में अतिक्रमण हटाने, नदी का सीमांकन कर अतिक्रमण हटाने, जनसंख्या के अनुसार आबादी क्षेत्र बढ़ाने तथा अंबेडकर भवन के लिए भूमि उपलब्ध कराने की मांग भी प्रमुख रही।
मारवाड़ तहसीलदार शिवजीराम बावरी ने गिरदावरी प्रक्रिया, वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने व हटाने संबंधी जानकारी दी। विकास अधिकारी भागीरथ सिंह ने पेंशन सत्यापन, आवास योजना के फॉर्म भरने, खाद्य सुरक्षा में नाम जुड़वाने तथा कृषि संबंधी योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी।
प्रशासक ममता महेंद्र कुमार ने गांव की विभिन्न विभागीय समस्याओं से अधिकारियों को अवगत कराते हुए सवराड़ नदी पर दो पुलिया शीघ्र निर्माण, रिसानिया में राशन की दुकान खोलने, रिसानिया-सवराड़ सड़क के दोनों किनारों को दुरुस्त कराने तथा बेरा नोकड़ा से नदी की ओर नाला निर्माण की मांग रखी। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों का सहयोग के लिए आभार भी व्यक्त किया।
रात्रि चौपाल में जलदाय, बिजली, कृषि, वन, राजस्व, पंचायती राज, चिकित्सा, शिक्षा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी महावीर सिंह, तहसीलदार शिवजीराम बावरी, विकास अधिकारी भागीरथ सिंह, आरआई कैलाश, पटवारी सत्य श्री मीणा, ग्राम विकास अधिकारी विकास संबल, उपसरपंच भंवरलाल भायल सहित कई जनप्रतिनिधि, वार्डपंच और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन एवं महिला शक्ति उपस्थित रही।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0