सोजत के साहित्यकार नवनीत राय ‘रुचिर’ को मिला समरस साहित्य सम्मान
साहित्य और हिंदी भाषा में योगदान पर नवनीत राय ‘रुचिर’ को ‘समरस साहित्य सम्मान’
सोजत। स्थानीय साहित्यकार एवं राष्ट्रीय समरस संस्थान साहित्य सृजन भारत, गांधीनगर (गुजरात) के राजस्थान प्रांतीय महामंत्री नवनीत राय ‘रुचिर’ को कोटा में आयोजित संभागीय साहित्य अधिवेशन में ‘समरस साहित्य सम्मान’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें साहित्य एवं हिंदी भाषा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।
हिंदी पखवाड़े के अंतर्गत राष्ट्रीय समरस संस्थान की कोटा संभागीय इकाई द्वारा आरकेपुरम स्थित एक होटल में आयोजित अधिवेशन में शपथ ग्रहण, सम्मान समारोह, पुस्तक विमोचन तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह की अध्यक्षता राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. शशि जैन ने की, जबकि संस्थापक एवं संयोजक डॉ. मुकेश कुमार व्यास ‘स्नेहिल’ मुख्य अतिथि रहे।
कार्यक्रम में डॉ. व्यास ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई तथा संस्थान की गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि छत्तीसगढ़ में संस्थान का पहला भवन स्थापित किया जा चुका है। मुख्य वक्ता एवं संभागीय संरक्षक साहित्यकार विजय जोशी ने साहित्य के विकास में साहित्यिक संस्थाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला।
अधिवेशन में मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. प्रभात कुमार सिंघल, राष्ट्रीय महामंत्री आनंद कुमार जैन ‘अकेला’, राष्ट्रीय सदस्य अर्चना व्यास, राजस्थान प्रांतीय प्रभारी डॉ. वैदेही गौतम, प्रांतीय अध्यक्ष गोविंद गुरु, राष्ट्रीय संरक्षक रघुनाथ मिश्र ‘सहज’, जितेंद्र निर्मोही तथा रघुराज सिंह ‘कर्मयोगी’ सहित अनेक साहित्यकारों ने विचार व्यक्त किए। डॉ. वैदेही गौतम ने कोटा में समरस भवन में कार्यालय प्रारंभ करने का आश्वासन भी दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं सरस्वती वंदना से हुआ। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में हिमानी भाटिया, वंदना शर्मा एवं राजेंद्र कुमार जैन ने भजन और गीत प्रस्तुत किए। समारोह में पदाधिकारियों एवं सदस्यों को मनोनयन पत्र तथा हिंदी पखवाड़ा सम्मान पत्र प्रदान किए गए। अतिथियों का शॉल, दुपट्टा, माल्यार्पण एवं स्मृति-चिह्न देकर सम्मान किया गया।
संभागीय अध्यक्ष एवं आयोजनकर्ता कवि महेश पंचोली ने कार्यक्रम का संचालन किया। समारोह में करीब 60 साहित्यकारों ने भाग लेकर साहित्यिक एकता और समरसता का संदेश दिया।
What's Your Reaction?
Like
1
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0