मेहंदी व्यापारियों को निर्यात की मिली नई राह, डाक विभाग ने आयोजित की कार्यशाला

Jun 12, 2026 - 18:34
 0  62
मेहंदी व्यापारियों को निर्यात की मिली नई राह, डाक विभाग ने आयोजित की कार्यशाला

सोजत मेहंदी व्यापार संघ, सोजत सिटी के सहयोग से भारतीय डाक विभाग, पाली मंडल द्वारा स्थानीय मेहंदी व्यापारियों एवं निर्यातकों के लिए डाकघर निर्यात केंद्र (DNK) विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का उद्देश्य सोजत की विश्व प्रसिद्ध मेहंदी को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाना तथा स्थानीय व्यापारियों को सरल एवं सुगम ऑनलाइन निर्यात प्रक्रिया से जोड़ना था।

कार्यक्रम में अधीक्षक डाकघर तरुण शर्मा ने मेहंदी व्यापारियों एवं निर्यातकों को डाकघर निर्यात केंद्र की उपयोगिता के बारे में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक इस सेवा का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। वहीं राकेश धींगड़ा, सहायक अधीक्षक उपमंडल पाली ने भी अपने विचार व्यक्त किए।

कार्यशाला के दौरान प्रशिक्षक महेंद्र सिंह सोलंकी एवं जनसंपर्क निरीक्षक वैभव त्रिवेदी ने व्यापारियों को डाकघर निर्यात केंद्र (DNK) की कार्यप्रणाली, निर्यात पंजीकरण प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज, अंतरराष्ट्रीय पार्सल बुकिंग, कस्टम संबंधी औपचारिकताएं, जीएसटी प्रमाण पत्र, आयात-निर्यात कोड (IEC), एडी कोड (AD Code) तथा विदेशों में उत्पाद भेजने की सरल प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी।

इस अवसर पर बालूराम गोयल एवं प्रमोद राठौड़ उपडाकपाल भी उपस्थित रहे। मेहंदी व्यापार संघ की ओर से अध्यक्ष सुनील गहलोत, उपाध्यक्ष प्रशांत टांक, कोषाध्यक्ष लक्ष्मण टांक सहित मेहंदी उद्यमी सोहनलाल गहलोत, सोहनलाल टांक, अनिल हिरानी, मनीष राजपुरोहित, शशांक टांक, विकास टांक तथा अनेक व्यापारी एवं निर्यातक मौजूद रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित व्यापारियों ने भारतीय डाक विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए इसे स्थानीय उत्पादों के निर्यात को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं छोटे एवं मध्यम व्यापारियों को वैश्विक बाजारों तक पहुंच बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Angry Angry 0
Sad Sad 0
Wow Wow 0
Sanjay Parihar News reporter sojat